सार
प्रधानमंत्री मोदी द्वारा ट्रंप की वेस्ट एशिया शांति योजना का समर्थन और इस्राइली पीएम नेतन्याहू की सराहना किए जाने पर कांग्रेस भड़क गई है। जयराम रमेश ने इसे शर्मनाक और नैतिक रूप से निंदनीय बताया। उन्होंने मोदी पर फलस्तीन के भविष्य और वेस्ट बैंक में बस्तियों के विस्तार पर चुप्पी साधने का भी आरोप लगाया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की वेस्ट एशिया शांति योजना के पहले चरण का समर्थन करने और इस्राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की तारीफ करने पर कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस ने इस बयान को शर्मनाक और नैतिक रूप से निंदनीय बताया है। मामले में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने गुरुवार को कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने गाजा को लेकर हुए नए समझौते का स्वागत किया और ट्रंप की सराहना की, जो हैरानी की बात नहीं है। लेकिन नेतन्याहू की बिना शर्त तारीफ करना शर्मनाक और नैतिक रूप से निंदनीय है, जिन्होंने पिछले बीस महीनों से गाजा में नरसंहार मचाया है।
कांग्रेस नेता ने यह भी कहा कि मोदी सरकार ने फलस्तीन के स्वतंत्र और संप्रभु राष्ट्र के भविष्य पर पूरी तरह से चुप्पी साध रखी है, जिसे भारत ने नवंबर 1988 में ही मान्यता दे दी थी और जिसे अब 150 से अधिक देश मान्यता दे चुके हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रमेश ने पीएम मोदी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने वेस्ट बैंक में इस्राइली बस्तियों के लगातार विस्तार पर भी कुछ नहीं कहा।