मित्रों खा रहा हूं और खाने भी दे रहा हूं। यह युवक कांग्रेस का प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर ताजा तंज है। वहीं लिस्टेंस्टीन बैंक,एचएसबीसी बैंक, स्विट्जरलैंड, पनामा पेपर्स, पैराडाइज पेपर्स में सामने आए भाजपा नेताओं के नाम को लेकर कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रमुख रणदीप सिंह सुरजेवाला ने जोरदार हमला बोला है।
पढ़ें: मोदी मंत्र, सब फल खा जाओ - काम मत करो : राहुल
सुरजेवाला ने कहा कि 2432 कालाधन रखने वाले लोगों के नाम सामने आए हैं, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली सरकार इन्हें सार्वजनिक नहीं कर रही है। इतना ही नहीं, जिन भाजपा नेताओं और भाजपा से जुड़े लोगों के नाम सामने आए हैं, सरकार ने उनके विरुद्ध भी जांच का कोई कदम नहीं उठाया।
सुरजेवाला ने कहा कि इसमें कांग्रेस के नेता सचिन पायलट का नाम आया था। इसको लेकर सचिन ने अपना पक्ष रख दिया है और सीबीआई उनके खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज कर चुकी है। इसी तरह से तीन अन्य लोग जो कांग्रेस नेताओं के परिवार या उनसे संबंधित हैं, उनके खिलाफ भी जांच एजेंसियों ने प्राथमिकी दर्ज कर रखी है, लेकिन किसी भाजपा नेता के विरुद्ध कोई कदम नहीं उठाया गया।
पढ़ें: नोटबंदी पर जंग की पटकथा तैयार कर रहीं भाजपा-कांग्रेस
रणदीप ने कहा कि जिन भाजपा नेताओं के इसमें नाम हैं उनमें छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह, केन्द्र सरकार में मंत्री जयंत सिन्हा, भाजपा के राज्यसभा सांसद रामकृपाल सिन्हा समेत अन्य हैं।