कांग्रेस ने भारतीय सीमा के पास चीन के मिसाइल तैनात किए जाने पर चिंता जताई है। पार्टी ने नए सेटेलाइट चित्रों के आधार पर सरकार से देश की सीमा सुरक्षित रखने का एक्शन प्लान बताने को कहा है। कांग्रेस ने आगामी संसद सत्र में चीन के मुद्दे पर प्रधानमंत्री से खुद जवाब देने को कहा है।
चीन की मिसाइल तैनाती पर सरकार को चेताया
पार्टी प्रवक्ता राजीव शुक्ला ने कहा कि विपक्ष का काम है जो जानकारी हमें निष्पक्ष एजेंसी ने दी है उस पर सरकार का ध्यान आकर्षित करें। सरकार की जिम्मेदारी है कि वह देश को सच्चाई बताए। सरकार नहीं सुन रही तो इसमें सरकार की गलती है। शुक्ला ने कहा कि जब देश के लिए कहीं कोई खतरा पैदा हो रहा हो तो हमारी जिम्मेदारी बनती है कि सरकार को आगाह करें।
उन्होंने कहा कि नई सेटेलाइट फोटो से पता चलता है कि भारत-चीन सीमा पर अब चीन ने मिसाइल प्रणाली तैनात कर दी है। लोकसभा में दल के उपनेता गौरव गोगोई ने कहा कि चीन लगातार हमारी जमीन पर नजर बनाए है और सीमावर्ती राज्यों से लगातार सूचना मिल रही कि चीन अपनी सैन्य शक्ति बढ़ा रहा है, ऐसे में केंद्र को स्पष्ट करना चाहिए कि उसकी क्या योजना है।