दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल
- फोटो : पीटीआई
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आज एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि उन्होंने दिल्ली में 23 फ्लाईओवरों का निर्माण कराया है। लेकिन एक आरटीआई के माध्यम से यह बात सामने आई है कि केजरीवाल सरकार ने अपने पूरे कार्यकाल में एक भी नए फ्लाईओवर का निर्माण नहीं कराया है। इसलिए अरविंद केजरीवाल का लाई डिटेक्टर टेस्ट कराया जाना चाहिए। यह कहना है दिल्ली कांग्रेस के प्रवक्ता जितेंदर कोचर का।
जितेंद्र कुमार कोचर ने कहा कि अरविंद केजरीवाल का लाई डिटेक्टर टेस्ट करवाना चाहिए क्योंकि वह लगातार झूठ बाले रहे हैं। आज उन्होंने दावा किया कि सरकार ने अपने साढ़े चार साल के कार्यकाल में 23 फ्लाईओवरों को निर्माण कराया है, जबकि सच्चाई यह है कि केजरीवाल सरकार ने एक भी नए फ्लाईओवर का निर्माण नहीं कराया है।
आरटीआई के माध्यम से पीडब्ल्यूडी विभाग, पूर्वी दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली, एसडीएम कार्यालयों और एनडीएमसी के विभागों से अनेक स्तरों पर जानकारी इकट्ठी की गई है। लेकिन किसी भी आरटीआई के जवाब में एक भी नए फ्लाईओवर के निर्माण की बात सामने नहीं आई है।
कांग्रेस नेता के मुताबिक, केजरीवाल ने जिस सिग्नेचर ब्रिज का उद्घाटन अपना बताकर किया है, पूरी दिल्ली जानती है कि इसका निर्माण शीला दीक्षित सरकार ने कराया था। कांग्रेस कार्यकर्ता तेजपाल सिंह की एक आरटीआई के जवाब में यह बात सामने आई थी कि 1 अप्रैल 2015 से 31 मार्च 2019 तक किसी नए फ्लाईओवर का निर्माण नहीं किया गया है।