पश्चिम बंगाल चुनाव के लिए कांग्रेस ने अपनी पहली सूची रविवार शाम को जारी कर दी। कांग्रेस ने अधीर रंजन चौधरी को बहरामपुर से प्रत्याशी घोषित किया है, वहीं सीएम ममता के खिलाफ प्रदीप प्रसाद को टिकट दिया है।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। पार्टी ने राज्य की कुल 294 सीटों में से 284 सीटों पर प्रत्याशियों का एलान किया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अधीर रंजन चौधरी को बहरामपुर विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं, मौसम नूर को मालतीपुर विधानसभा क्षेत्र से टिकट दिया गया है।
विज्ञापन
भवानीपुर सीट से कांग्रेस ने ममता बनर्जी के खिलाफ प्रदीप प्रसाद को मैदान में उतारा है। हेमताबाद से अनामिका राय को, जंगीपुर से मोहम्मद इमरान अली को, तूफानगंज से देबेंद्रनाथ को और दिनहाटा से हरिहर राय को उम्मीदवार बनाया है। पार्टी ने दार्जिलिंग से माधव राय, सुजापुर से अब्दुल हन्नान, दम दम से सुष्मिता बिस्वास, डायमंड हार्बर से गौतम भट्टाचार्य, आसनसोल दक्षिण से सौविक मुखर्जी और आसनसोल उत्तर से प्रसेनजीत पुइतांडी को भी उम्मीदवार बनाया है। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को हो रहे हैं। वोटों की गिनती 4 मई को होगी।
इससे पहले पश्चिम बंगाल कांग्रेस प्रभारी गुलाम अहमद मीर ने कहा था कि पार्टी हर निर्वाचन क्षेत्र में उम्मीदवार उतारने का इरादा रखती है। उन्होंने कहा था कि पार्टी ममता बनर्जी के खिलाफ भी उम्मीदवार को मैदान में उतारने से गुरेज नहीं करेगी। उन्होंने कहा था कि भवानीपुर से चुनाव लड़ने वाला हर उम्मीदवार हमारे लिए एक बड़ा नेता होगा। हम सभी 294 सीटों पर उम्मीदवार उतार रहे हैं और कोई भी सीट खाली नहीं छोड़ेंगे।
शुक्रवार को ही दिल्ली में कांग्रेस पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की बैठक हुई थी, जिसमें वरिष्ठ नेताओं ने उम्मीदवार चयन पर विस्तृत चर्चा की थी। बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, एआईसीसी महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल और पश्चिम बंगाल के कई नेता शामिल हुए थे।