दिल्ली की सबसे सफल मुख्यमंत्री रह चुकीं शीला दीक्षित ने कहा है कि राजधानी में प्रदूषण इतना ज्यादा है कि यह एक गैस चैंबर जैसी जगह बन गई है। यहां का बच्चा अपनी हर सांस के साथ अनेक गंभीर बीमारियों की चुनौती से झेलता है। दिल्ली को इस स्थिति से उबारना चाहिए और इसकी शुरुआत वे खुद राहुल गांधी के जन्मदिन 19 जून से पेड़ लगाकर करेंगी।
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस की अगुवाई में यह कार्यक्रम 30 अगस्त तक चलाया जाएगा। दिल्ली प्रदेश कार्यालय पर अपने कार्यकारी अध्यक्षों हारुन यूसुफ और राजेश लिलोठिया के साथ एक मीटिंग करते हुए शीला दीक्षित ने इस कार्यक्रम की योजना बनाई।
प्रवक्ता जितेंद्र कोचर ने कहा कि यह कार्यक्रम पूरे बारिश के मौसम के दौरान चलाया जाएगा। इसके लिए हर ब्लाक कमेटी में वृक्षारोपण का कार्यक्रम किया जाएगा। दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के कार्यकाल में ही राजधानी में पूर्ण सीएनजी आधारित ट्रांसपोर्ट सिस्टम की शुरुआत की गई थी। इससे राजधानी के प्रदूषण स्तर में काफी सुधार हुआ था। यह पूरे विश्व में सबसे बड़ी सीएनजी आधारित पब्लिक ट्रांसपोर्ट सिस्टम है।