ट्रंप ने दोहा में कहा था कि भारत दुनिया में सबसे अधिक टैरिफ वाले देशों में से एक है। उन्होंने हमें एक ऐसा सौदा पेश किया है इसके तहत वे मूल रूप से तैयार हैं कि हमसे कोई टैरिफ नहीं वसूला जाएगा। इस पर कांग्रेस ने सवाल उठाया कि पीएम मोदी चुप क्यों हैं? इसका ऑपरेशन सिंदूर रोके जाने से क्या संबंध है?
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दोहा में दावा किया कि भारत ने अमेरिका पर कोई भी टैरिफ न लगाने पर सहमति जताई है। इसे लेकर कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं। कांग्रेस ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी इस मामले में चुप क्यों हैं? इसका ऑपरेशन सिंदूर रोके जाने से क्या संबंध है?
विज्ञापन
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव जयराम रमेश ने एक्स पर पोस्ट में पूछा, कि वाणिज्य मंत्री वाशिंगटन डीसी में हैं और राष्ट्रपति ट्रंप ने दोहा से एक और बड़ी घोषणा की है। इस पर हमारे प्रधानमंत्री पूरी तरह से चुप हैं। उन्होंने किस बात पर सहमति जताई है और इसके व ऑपरेशन सिंदूर को रोके जाने के बीच क्या संबंध है?
उन्होंने एक रिपोर्ट भी साझा की। इसमें ट्रंप के हवाले से कहा गया है कि भारत ने अमेरिका के साथ अपने व्यापार समझौते के तहत कई अमेरिकी वस्तुओं पर टैरिफ खत्म करने की पेशकश की है। वहीं कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने भी ट्रंप के दावे पर सवाल उठाए। उन्होंने एक्स पर लिखा कि क्या यह सच है कि भारत ने अमेरिका के साथ शून्य टैरिफ समझौते की पेशकश की है? इस पर सरकार को उचित जवाब देना चाहिए।
ट्रंप ने यह कहा था
ट्रंप ने दोहा में कहा था कि भारत दुनिया में सबसे अधिक टैरिफ वाले देशों में से एक है। भारत में कुछ भी बेचना बहुत कठिन है। उन्होंने हमें एक ऐसा सौदा पेश किया है इसके तहत वे मूल रूप से तैयार हैं कि हमसे कोई टैरिफ नहीं वसूला जाएगा। हम भारत में शीर्ष 30 में भी नहीं हैं क्योंकि टैरिफ बहुत अधिक है। अब वे एक ऐसे बिंदु पर पहुंच गए हैं जहां उन्होंने वास्तव में हमसे कहा है कि कोई टैरिफ नहीं लगाया जाएगा। इन दिनों भारत और संयुक्त राज्य अमेरिका के बीच व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने पर बातचीत चल रही है। वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल वार्ता के लिए अमेरिका में हैं।