कर्नाटक में बुधवार को होने वाले शपथ ग्रहण से पहले कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को संगठन में बड़ी जिम्मेदारी दी है। कांग्रेस ने मंगलवार को कर्नाटक के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरमैया को पार्टी की सर्वोच्च निर्णय लेने वाली संस्था कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) का सदस्य नियुक्त किया। यह नियुक्ति मुख्यमंत्री पद के लिए नामित डीके शिवकुमार के शपथ ग्रहण समारोह से ठीक पहले की गई है। पार्टी की ओर से जारी घोषणा में कहा गया कि यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी।
राजनीतिक हलकों में इस फैसले को कांग्रेस नेतृत्व का महत्वपूर्ण संगठनात्मक कदम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि कर्नाटक में सत्ता परिवर्तन और नेतृत्व के नए दौर के बीच पार्टी राज्य इकाई में समन्वय और स्थिरता बनाए रखने की कोशिश कर रही है। इससे पहले कर्नाटक के मनोनीत मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार और कार्यवाहक मुख्यमंत्री सिद्दारमैया सोमवार को दिल्ली पहुंचे। नई कैबिनेट के गठन को लेकर दोनों नेता कांग्रेस आलाकमान से चर्चा करेंगे।
दो चरणों में कैबिनेट विस्तार पर विचार
डीके शिवकुमार और सिद्दारमैया एक ही फ्लाइट से नई दिल्ली पहुंचे थे। सिद्दारमैया के बेटे एमएलसी यतींद्र सिद्दारमैया और कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता भी दिल्ली पहुंच चुके हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस नेता सिद्दारमैया, डी.के. शिवकुमार, एआईसीसी महासचिव (संगठन) के.सी. वेणुगोपाल और कर्नाटक के प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला पहले ही आपस में चर्चा कर चुके हैं और मंत्रियों की शुरुआती सूची को अंतिम रूप दे चुके हैं।
सूत्रों ने संकेत दिया कि कैबिनेट गठन के पहले चरण में मुख्यमंत्री सहित लगभग 10 से 12 मंत्रियों के शामिल होने की संभावना है। पहले बैच की प्रस्तावित सामाजिक संरचना में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) श्रेणी के दो नेता, दो अनुसूचित जाति (एससी) नेता, एक अनुसूचित जनजाति (एसटी) नेता, दो वोक्कालिगा नेता, एक मुस्लिम प्रतिनिधि और दो लिंगायत नेता शामिल होने की उम्मीद है।
मंत्रियों के पहले बैच का शपथ ग्रहण समारोह 3 जून को होने की उम्मीद है। पार्टी सूत्रों ने आगे बताया कि कांग्रेस नेतृत्व दो चरणों में कैबिनेट विस्तार पर विचार कर रहा है। शेष मंत्री पद राज्यसभा और विधान परिषद चुनावों के बाद भरे जाने की संभावना है।
कांग्रेस ने त्रिपुरा में जिला अध्यक्षों की नई टीम घोषित की
कांग्रेस पार्टी ने त्रिपुरा में संगठन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए जिला कांग्रेस कमेटियों (डीसीसी) के अध्यक्षों की नई नियुक्तियों की घोषणा कर की। ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के महासचिव केसी वेणुगोपाल द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष ने त्रिपुरा के विभिन्न जिलों के लिए जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्षों की नियुक्ति के प्रस्ताव को तत्काल प्रभाव से मंजूरी दी।
ये नियुक्तियां संगठन सृजन अभियान के तहत की गई हैं। इस अभियान के अंतर्गत प्रत्येक जिले के लिए नियुक्त एआईसीसी पर्यवेक्षकों ने व्यापक समीक्षा की, पार्टी पदाधिकारियों और अन्य संबंधित पक्षों से चर्चा की तथा अपनी विस्तृत रिपोर्ट नेतृत्व को सौंपी।
रिपोर्ट मिलने के बाद कांग्रेस नेतृत्व ने प्रत्येक पर्यवेक्षक और वरिष्ठ नेताओं के साथ अलग-अलग बैठकें और विचार-विमर्श किया। इसी प्रक्रिया के आधार पर नए जिला अध्यक्षों के नामों को अंतिम रूप दिया गया।घोषित सूची के अनुसार, अंबासा जिले में जैकब रोखुम, बेलोनिया में शम्पा दत्ता, बिशालगढ़ में गोपीनाथ साहा, धर्मनगर में निरुपम दे, और कैलाशहर में एमडी बदरुज्जमान अध्यक्ष हैं, और सत्यबान दास को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है।सदर जिले में तनमय रॉय (वर्किंग प्रेसिडेंट), सोनामुरा में रोसान अली, तेलियामुरा में प्रद्योत भट्टाचार्य, और उदयपुर में थान पॉल का नाम भी सूची में शामिल किया गया है।