फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Congress President: खरगे का 80 पार होना, गांधी परिवार को सूट करता है, 'रिमोट' सिस्टम में फिट नहीं बैठे थरूर

सार

Congress President: राजनीतिक विश्लेषक प्रो. आनंद कुमार कहते हैं, कांग्रेस पार्टी का आज जो हाल हुआ है, उसके पीछे यही दो शब्द जिम्मेदार रहे हैं। कांग्रेस पार्टी, आगे भी इन शब्दों को साथ लेकर चलती है, तो खरगे का चुनाव बेमानी साबित हो जाएगा...
विज्ञापन
Congress President Mallikarjun Kharge - फोटो : Agency
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कांग्रेस पार्टी ने लोकतांत्रिक तरीके से अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव संपन्न करा लिया है। करीब ढाई दशक बाद गैर गांधी मल्लिकार्जुन खरगे ने पार्टी की कमान संभाली है। राजनीतिक जानकारों का कहना है कि 'खरगे' का '80' पर होना, गांधी परिवार को सूट करता है। अस्सी वर्षीय खरगे, पार्टी के लिए कितनी भागदौड़ कर पाएंगे, ये तो समय ही बताएगा। इस चुनाव ने साबित कर दिया है कि कांग्रेस पार्टी में अभी 'रिमोट कंट्रोल' सिस्टम खत्म नहीं होगा। यही वजह रही है कि कांग्रेस को कम आयु वाले शशि थरूर रास नहीं आए।

पार्टी में युवा चेहरों का नहीं था टोटा

खास बात है कि खरगे द्वारा अध्यक्ष पद का नामांकन करने के बाद से ही उनकी जीत सुनिश्चित मानी जा रही थी। हालांकि राहुल गांधी ने 'भारत जोड़ो यात्रा' के दौरान कर्नाटक में ऐसे ही एक सवाल पर कहा था कि इस तरह के बयान कांग्रेस पार्टी के आलोचकों की तरफ से दिए जाते हैं। जयराम रमेश ने कहा, पार्टी ने अपने अध्यक्ष का स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव कराया है। स्वतंत्र चुनाव प्राधिकरण वाली एकमात्र पार्टी कांग्रेस हैं।

विज्ञापन


राजनीतिक जानकारों के अनुसार, कांग्रेस पार्टी में युवा चेहरों की कमी नहीं थी। इसके बावजूद कांग्रेस पार्टी ने मल्लिकार्जुन खरगे पर दांव लगाया है। चुनाव में कांग्रेस पार्टी के कुछ नेताओं और विपक्ष की तरफ से यह आरोप लगाया गया कि खरगे, गांधी परिवार के ऑफिशियल उम्मीदवार हैं। कांग्रेसी नेताओं ने इसका खंडन भी किया। पार्टी के असंतुष्ट नेताओं के समूह 'जी23' द्वारा भी कुछ ऐसी ही आशंका जाहिर की गई थी। ये तय है कि खरगे, गांधी परिवार से बाहर नहीं जाएंगे। भले ही कांग्रेस ने अपने अध्यक्ष का चुनाव कराकर दूसरे दलों को आईना दिखा दिया है, लेकिन रिमोट कंट्रोल और हाईकमान जैसे शब्दों से अभी पीछा छूटता हुआ नहीं दिख रहा। पार्टी में 'हाईकमान' का हस्तक्षेप जारी रहेगा।

...नहीं तो बेमानी हो जाएगा चुनाव

राजनीतिक विश्लेषक प्रो. आनंद कुमार कहते हैं, कांग्रेस पार्टी का आज जो हाल हुआ है, उसके पीछे यही दो शब्द जिम्मेदार रहे हैं। कांग्रेस पार्टी, आगे भी इन शब्दों को साथ लेकर चलती है, तो खरगे का चुनाव बेमानी साबित हो जाएगा। दोनों की आयु में बहुत ज्यादा फर्क है। शशि थरूर 66 साल के हैं, जबकि खरगे 80 के पार हैं। लोकसभा चुनाव में करारी शिकस्त होने के बाद कई राज्यों के विधानसभा चुनावों में भी पार्टी को हार का सामना करना पड़ा। अब यह पार्टी राजस्थान और छत्तीसगढ़ तक सिमट गई है। शशि थरूर के पास भले ही कम आयु और ज्यादा शिक्षा रही हो, लेकिन वे आंख बंद कर कांग्रेस हाईकमान की हां में हां मिलाने को तैयार नहीं थे।

जिस तरह से राहुल गांधी, भारत जोड़ो यात्रा में पसीना बहा रहे हैं, क्या वैसे ही खरगे पार्टी को मजबूती प्रदान कर सकेंगे। किसी भी व्यक्ति के लिए आयु का महत्व होता है। बड़ी आयु में रैलियां करना या लगातार पार्टी की बैठकें करना, संभव नहीं हो पाता। ऐसे में दोबारा से वही शब्द आगे आ जाते हैं यानी रिमोट 'कंट्रोल और हाईकमान'। प्रो. आनंद का कहना है कि कांग्रेस पार्टी को यही गलती दोहराने से बचना है। विपक्ष ने परिवारवाद, रिमोट कंट्रोल और हाईकमान, इन्हीं मुद्दों पर कांग्रेस को निशाना बनाया था। ऐसे में अब कांग्रेस पार्टी को इन मुद्दों से दूरी बनानी होगी। बढ़ती आयु का राष्ट्रीय अध्यक्ष, गांधी परिवार को सूट करता है। हालांकि गांधी परिवार को अब यह मिथक तोड़ना होगा। ध्यान रहे कि पार्टी में अभी असंतुष्ट नेता खत्म नहीं हुए हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें