अपनी तैयारियों को पूरी बताते हुए भाजपा ने एक ओर यूपी, उत्तराखंड समेत सभी पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में जीत का दावा किया है। मगर पार्टी को महिलाओं के रूख को लेकर अभी आशंका बनी हुई है। पार्टी रणनीतिकारों को इस बात की चिंता सता रही है कि नोटबंदी के कदम से महिलाएं कहीं भाजपा से दूर न हो जाएं।
उधर कांग्रेस ने हवा का रूख भांपते हुए नोटबंदी के विरोध के कवायद में महिलाओं को आगे करने की रणनीति बनाई है। इस प्रयास में पार्टी ने महिला मोर्चा समेत अपने सभी फ्रंटल संस्थाओं को 9 जनवरी को नोटबंदी के खिलाफ थाली पीट कार्यक्रम आयोजित करने को कहा है। इस आयोजन में महिलाएं गरीबों की जेब खाली बजाओ थाली के नारे संग देशभर में नोटबंदी के कदम का विरोध करेंगी। कांग्रेस की रणनीति नोटबंदी पर महिलाओं के बीच बढ़ी नाराजगी को और बढ़ाने की है।
दरअसल भाजपा भी मान रही है कि नोटबंदी के कदम से महिलाओं को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। पार्टी की राष्ट्रीय महिला मोर्चा अध्यक्ष विजय राहटकर ने अमर उजाला को बताया कि नोटबंदी से हुए नुकशान के लिए हमने महिलाओं से आंतरिक फीडबैक लिया था। बचत छीनने के वजह से उन्हें समस्या तो हुई है, डिजिटल लेने-देन में भी उन्हें दिक्कतें हैं।