शिवसेना प्रमुख व महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने गुरुवार को राज्य विधानसभा में मजाक में ऐसी बात कह दी, जिससे उनकी गठबंधन सरकार की प्रमुख घटक कांग्रेस घबरा गई। ठाकरे ने भले ही मजाक में यह बात कही, लेकिन कांग्रेस इस पर सोचने को मजबूर हो सकती है। उन्होंने मुंबई के कांजूर मार्ग कारशेड निर्माण को लेकर भाजपा से राजनीति नहीं करने को कहा। लगे हाथ यह भी कह दिया कि हम पहले एक साथ थे और शायद भविष्य में भी हम सब साथ आएं।
ठाकरे ने आगे कहा कि कृपा करके भाजपा राजनीति न करे। हम सब इस मामले में राजनीति न करें। हम सबने साथ दिया तो जनहित में यह बहुत बड़ा काम पूरा हो जाएगा। विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा का जवाब देते हुए ठाकरे ने यह बातें कहीं। इस पर सदन में ठहाके लगे। ठाकरे खुद भी हंसी नहीं रोक पाए, लेकिन महाविकास आघाड़ी सरकार में शामिल कांग्रेस के विधायक चिंचित नजर आए। हालांकि कांग्रेस के मंत्रियों या विधायकों ने इस पर मौन साध लिया।
पूर्व वित्त मंत्री मुनगंटिवार की कई बार तारीफ की
ठाकरे ने अपने भाषण में कई बार पूर्व वित्त मंत्री व भाजपा नेता सुधीर मुनगंटिवार की तारीफ की, लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को घेरने का अवसर नहीं चूके। ठाकरे ने आरे कारशेड निर्माण प्रोजेक्ट के लिए अड़े फडणवीस को घेरते हुए कहा कि मेट्रो-3 का खर्च 10 हजार करोड़ बढ़ गया। अब तक इसके डिपो को मंजूरी नहीं मिली है। उन्होंने भाजपा नेताओं पर तंज करते हुए कहा कि जब काम ही नहीं हुआ तो खर्च कैसे बढ़ा? इसकी जांच कराई जाए क्या?