फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कर्नाटक पर बोली कांग्रेस- 'भाजपा के पास न बहुमत था, न है...'

Sat, 19 May 2018 04:03 AM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
विज्ञापन

सुप्रीम कोर्ट की ओर से मिली 28 घंटे की मोहलत पर कर्नाटक के सीएम ने कहा कि उन्हें बहुमत साबित करने में 100 प्रतिशत सफलता मिलेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा कोर्ट के आदेश का पालन करेगी। उन्हें बहुमत साबित करने के लिए पूरा समर्थन और सहयोग मिल चुका है। कांग्रेस के तमाम राजनीतिक दांवपेंच के बावजूद शनिवार को हम सदन में बहुमत साबित कर देंगे। येदियुरप्पा ने कहा, ‘मुख्य सचिव से चर्चा के बाद विधानसभा सत्र बुलाकर आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।’

विज्ञापन


कांग्रेस का असली चेहरा सामने आया : पात्रा

भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के प्रति कांग्रेस की दोहरी सोच बेनकाब हो गई है। कल जिस पार्टी ने मुख्य न्यायाधीश के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव लाकर सुप्रीम कोर्ट का अपमान किया, आज वही अपने पक्ष में फैसला आने पर प्रशंसा कर रही है। कल जो पाकिस्तान जैसे हालात बता रहे थे, आज तारीफ का पुल बांध रहे हैं। कांग्रेस का असली चेहरा सामने आ गया है। जस्टिस लोया को लेकर सुप्रीम कोर्ट की आलोचना करने वालों के आज के बयान उनके दोगलेपन को जाहिर कर रहे हैं। कर्नाटक में जनादेश का अपमान किया जा रहा है। कांग्रेस अपने मन मुताबिक संविधान में बदलाव नहीं कर सकती।

कर्नाटक विधानसभा में भी होगी जीत : जावड़ेकर 

केंद्रीय मंत्री और कर्नाटक चुनाव के प्रभारी प्रकाश जावड़ेकर को भरोसा है कि शनिवार को बीएस येदियुरप्पा सरकार विधानसभा में बहुमत साबित कर लेगी। उन्होंने ट्वीट किया, ‘भाजपा कर्नाटक में विश्वास मत हासिल करने के लिए पूरी तरह तैयार है। हमें भरोसा है कि हम जीत जाएंगे। हम सदन में अपना बहुमत साबित करने में सफल होंगे।’
विज्ञापन


सुप्रीम कोर्ट ने संविधान की गरिमा रखी : राहुल 

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने फ्लोर टेस्ट का आदेश देकर संविधान की गरिमा बनाए रखी। साथ ही राज्यपाल के फैसले को असंवैधानिक ठहराने के पार्टी के तर्क को भी सही ठहराया। कोर्ट ने बहुमत के बिना सरकार बनाने की भाजपा की तानाशाही को झटका दिया है। अब भाजपा बहुमत हासिल करने के लिए धनबल और बाहुबल का इस्तेमाल करेगी। उन्होंने कहा कि अल्पमत वाली भाजपा को कानून के जरिये सरकार बनाने से रोकने में कांग्रेस को सफलता मिली।

भाजपा के पास न बहुमत था, न है : दानिश अली

जद (एस) नेता दानिश अली ने कहा कि भाजपा के पास बहुमत न था और न है। बीएस येदियुरप्पा शनिवार को फ्लोर टेस्ट के बाद खुद ही बाहर हो जाएंगे। सुप्रीम कोर्ट के फैसले को ऐतिहासिक बताते हुए उन्होंने कहा कि विधायकों की सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जाना चाहिए। सुप्रीम कोर्ट को आधी रात खुलवाने पर सवाल उठाने वालों को  फैसले से जवाब मिल गया होगा।

सभी विधायक हमारे साथ हैं : सिद्धारमैया

पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सिद्धारमैया ने कहा कि भाजपा को कर्नाटक चुनाव में 104 सीट पर जीत मिली। उनके पास बहुमत के लिए जरूरी 112 तो छोड़िए निर्दलीय विधायकों का समर्थन भी नहीं है। हमारे पास कांग्रेस के 78, जद (एस) के 37, दो निर्दलीय और बसपा का एक विधायक मिलाकर 118 विधायक का समर्थन है। चूंकि कुमारस्वामी दो सीट से जीते हैं, तो एक सीट कम करने पर कांग्रेस-जद (एस) को 117 विधायक का समर्थन है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्यपाल ने नरेंद्र मोदी और अमित शाह के निर्देशों का पालन करते हुए बहुमत साबित करने के लिए अपनी तरफ से 15 दिन का समय दिया। अगर वह संविधान का पालन करते तो ऐसा फैसला नहीं लेते। कांग्रेस या जद (एस) विधायकों के टूटने की आशंका को खारिज करते हुए का कि हमारे सभी विधायक साथ हैं। 

संविधान की जीत हुई : सुरजेवाला

संविधान ने कर्नाटक के राज्यपाल के असंवैधानिक फैसले को रद कर दिया। कांग्रेस के प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि संविधान और लोकतंत्र की जीत हुई। बीएस येदियुरप्पा एक दिन के मुख्यमंत्री बनकर ही रह जाएंगे।

सुप्रीम कोर्ट का फैसला ऐतिहासिक : सिंघवी

कर्नाटक में सरकार बनाने के मामले पर सुप्रीम कोर्ट में कांग्रेस-जद (एस) की ओर से पेश हुए वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने फैसले को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट की तारीफ करते हुए कहा कि कर्नाटक के अंतरिम मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा को शनिवार तक कोई भी योजनागत फैसला लेने से रोक दिया गया है। 

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें