महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के लिए जानबूझकर पांच अगस्त का दिन चुनने और काले कपड़े पहनने के आरोप पर कांग्रेस ने पलटवार किया है। कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा है कि भाजपा लोगों का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है।
भाजपा के इस आरोप पर कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने पलटवार करते हुए कहा है कि कांग्रेस मूल्य वृद्धि और बेरोजगारी के खिलाफ विरोध कर रही है, जिसे भाजपा बर्दाश्त नहीं कर पा रही है। इसलिए वे अपने एकमात्र हथियार 'राम' का सहारा लेकर आम लोगों का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा, यह सरकार 'राम' के नाम पर 'रावण' की पूजा करती रही है। रावण की तरह भाजपा के शासन में भी लोग पीड़ित हैं। उन्होंने कहा, यह सरकार जनविरोधी और कारपोरेट समर्थक है।
भाजपा ने लगाया था तुष्टीकरण का आरोप
कांग्रेस की ओर से शुक्रवार को महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ देशव्यापी विरोध मार्च निकाला गया था। इसमें सभी कांग्रेस नेताओं ने काले कपड़े पहने थे। इसको लेकर विवाद खड़ा हो गया। भाजपा ने आरोप लगाते हुए कहा है कि कांग्रेसियों ने विरोध मार्च के लिए पांच अगस्त का दिन इसलिए चुना क्योंकि इसी दिन पीएम मोदी ने राम जन्मभूमि मंदिर की नींव रखी थी। यही कारण था कि कांग्रेसियों ने काले कपड़े पहने थे।