पीएम मोदी कल केरल के विझिनजाम पोर्ट को देश को समर्पित करेंगे। जिसके उद्घाटन के लिए आज वे केरल पहुंच भी गए हैं। जहां सीएम विजयन, केंद्रीय मंत्री कुरियन और कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने उनका स्वागत किया है। एक्स पर एक पोस्ट में शशि थरूर ने दिल्ली से केरल पहुंचने के अपने अनुभव को भी साझा किया है।
देश के पहले सेमी ऑटोमैटिक बंदरगाह विझिनजाम को कल प्रधानमंत्री मोदी जनता को समर्पित करेंगे। इस कड़ी में पीएम मोदी आज केरल के तिरुवनंतपुरम भी पहुंच गए हैं। जहां उन्हें राज्य के सीएम पिनरई विजयन, केंद्रीय राज्य मंत्री जॉर्ज कुरियन और तिरुवनंतपुरम से कांग्रेस सांसद शशि थरूर समेत कई नेताओं ने उनका एयरपोर्ट पर स्वागत किया है।
शशि थरूर ने किया पीएम मोदी का स्वागत
पीएम मोदी का स्वागत करने के बाद कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में लिखा- अव्यवस्थित दिल्ली हवाई अड्डे पर देरी के बावजूद, मैं अपने निर्वाचन क्षेत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन पर उनका स्वागत करने के लिए समय पर तिरुवनंतपुरम में उतरने में कामयाब रहा। विझिनजाम बंदरगाह के आधिकारिक रूप से चालू होने का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं, यह एक ऐसी परियोजना है, जिसके शुरू होने से ही मैं इससे जुड़ा रहा हूं।
विज्ञापन
कल देश को विझिनजाम पोर्ट समर्पित करेंगे पीएम
बता दें कि, 2 मई यानी कल पीएम मोदी केरल में 8,900 करोड़ रुपये की लागत से बने विझिनजाम अंतर्राष्ट्रीय गहरे पानी के बहुउद्देशीय बंदरगाह को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। यह भारत का पहला समर्पित कंटेनर ट्रांसशिपमेंट बंदरगाह है, जो विकसित भारत के एकीकृत दृष्टिकोण के तहत देश के समुद्री क्षेत्र में परिवर्तनकारी प्रगति का प्रतिनिधित्व करता है।
विझिनजाम पोर्ट से मजबूत होगी वैश्विक व्यापार में भारत की स्थिति
रणनीतिक महत्व की परियोजना के रूप में मान्यता प्राप्त, विझिनजाम बंदरगाह वैश्विक व्यापार में भारत की स्थिति को मजबूत करने, रसद दक्षता बढ़ाने और कार्गो ट्रांसशिपमेंट के लिए विदेशी बंदरगाहों पर निर्भरता कम करने में योगदान देगा। लगभग बीस मीटर की अपनी प्राकृतिक गहराई और दुनिया के सबसे व्यस्त समुद्री व्यापार मार्गों में से एक के निकट होने के कारण, यह वैश्विक समुद्री व्यापार में भारत की भूमिका को और मजबूत करता है।