कर्नाटक में जनता दल (एस) के साथ गठबंधन सरकार बनाने जा रही कांग्रेस की रविवार को दिल्ली में सत्ता में हिस्सेदारी को लेकर अहम बैठक होगी। वरिष्ठ नेता इस मुद्दे पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से चर्चा करेंगे। पार्टी 23 मई को होने वाले शपथग्रहण समारोह से पहले इसे अंतिम रूप देना चाहती है। सूत्रों के अनुसार, वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद और अशोक गहलोत रविवार को ही दिल्ली पहुंचेंगे और पार्टी अध्यक्ष से बात करेंगे। ये दोनों नेता बंगलूरू में ही कैंप कर रहे थे। कांग्रेस के एक नेता ने कहा कि सब कुछ रविवार को दिल्ली में तय होगा। माना जा रहा है कि सत्ता हिस्सेदारी फॉर्मूले के तहत कांग्रेस को डिप्टी सीएम का पद और 20 मंत्रालय मिल सकते हैं।
अब 23 मई को शपथ लेंगे कुमारस्वामी
दूसरी बार कर्नाटक के मुख्यमंत्री का पद संभालने जा रहे एचडी कुमारस्वामी अब 23 मई को शपथ लेंगे। पहले उन्होंने 21 मई को शपथ लेने की बात कही थी। देर शाम शपथग्रहण की तारीख बदल दी गई। इसका कोई कारण नहीं बताया गया है। हालांकि पार्टी के एक नेता ने कहा कि 21 मई को पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि है। इसलिए जदएस-कांग्रेस गठबंधन की सरकार के शपथग्रहण का दिन बदल दिया। यह कार्यक्रम कांतिवरा स्टेडियम में होगा।
उधर, कुमारस्वामी ने कहा कि वह 21 मई को सोनिया गांधी और राहुल गांधी से मिलेंगे। इस दौरान सत्ता में मंत्रिपद को लेकर भी चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि अभी तक विश्वास मत जीतने के अलावा कांग्रेस से कोई चर्चा नहीं हुई है। जब उनसे पूछा गया कि क्या भाजपा ऑपरेशन कमल जैसा कुछ कर सकती है, तो उन्होंने कहा, मुझे पता है कि वो समस्या पैदा कर सकते हैं। लेकिन जदएस और कांग्रेस दोनों ही एहतियात बरत रहे हैं। कुमारस्वामी ने कांग्रेस के साथ गठबंधन को लेकर पार्टी काडर में किसी तरह का मतभेद होने से भी इनकार कर दिया।