प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तराखंड में चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन को लेकर कांग्रेस ने चुनाव आयोग से शिकायत कर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। चुनाव आयोग को सौंपे ज्ञापन में कांग्रेस नेताओं ने आयोग से ये भी कहा कि आचार संहिता के नाम पर उनके नेताओं पर एकतरफा कार्रवाई कर नोटिस दिए जा रहे हैं। कांग्र्रेस ने आयोग से पोस्टल बैलेट की समय सीमा तय करने और भाजपा पर चुनाव के दौरान एक हजार करोड़ खर्च करने का आरोप लगा जांच की मांग की है।
कांग्रेस महासचिव और उत्तराखंड प्रभारी अंबिका सोनी के नेतृत्व में मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय, सहप्रभारी संजय कपूर, मंत्री इंदिरा ह्दयेश और महिला कांग्रेस अध्यक्ष सरिता आर्य सोमवार शाम शिकायत करने चुनाव आयोग पहुंचे। कांग्रेस ने अपनी शिकायत मुख्य चुनाव आयुक्त के सामने रखी।
आयोग से मिलकर निकले सीएम रावत ने कहा कि कहा कि बीती दस फरवरी को हरिद्वार में प्रधानमंत्री की जनसभा प्रशासन की अनुमति के बिना हुई थी जो आचार संहिता का खुला उल्लंघन है। उस दौरान मंच पर बैठे केंद्रीय मंत्री जेपी नड्ढा, सांसद रमेश पोखरियाल निशंक, मदन कौशिक आदि लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई होनी। नरेंद्र मोदी के खिलाफ एफआईआर दर्ज होनी चाहिए। सीएम ने बताया कि आयोग ने उनकी शिकायत पर विचार करने की बात कही है।