कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने देश में ट्विटर विवाद के बीच अपने ट्विटर हैंडिल से 63 लोगों को अनफॉलो कर सनसनी फैला दी है। दरअसल मंगलवार को राहुल ने पहले अपने स्टाफ के कुछ सदस्यों को अनफॉलो किया और फिर छंटनी शुरू की तो कई जाने माने पत्रकार और कुछ नेता भी इसमें शामिल हो गए। राहुल के कार्यालय से जुड़े लोगों के मुताबिक, राहुल गांधी ने खुद समीक्षा कर लोगों को खुद से अनफॉलो करने का फैसला लिया है और अभी ये सूची बढ़ेगी।
राहुल गांधी छंटनी से पहले देश के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े 282 लोगों को ट्विटर पर फॉलो कर रहे थे। बीते दो दिनों में यह संख्या घटकर 219 रह गई है। बताते हैं अपने स्टाफ को अनफॉलो करने पर राहुल ने तर्क दिया है कि ये लोग तो उनके साथ ही काम करते हैं। राहुल ने आसपास रहने वाले कौशल विद्यार्थी, निखिल अल्वा और अलंकार, बैजू को सबसे पहले अनफॉलो किया। इसके पीछे तर्क दिया जा रहा है कि स्टाप के लोगों को क्यों फॉलो किया जाए।
कांग्रेस छोड़कर शिवसेना जाने वाली प्रियंका चतुर्वेदी भी अनफॉलो होने वालों में शामिल हैं। मोदी सरकार पर तीखे तेवरों के साथ कटाक्ष करने और राजनीतिक तंज कसने वाले स्टैंडअप कामेडियन कुणाल कामरा का नाम भी शामिल है। वरिष्ठ पत्रकार राजदीप सरदेसाई और कुछ अन्य पत्रकारों के साथ कांग्रेस कवर करने वाले कुछ पत्रकार भी इस छंटनी में शामिल हैं।
इतनी संख्या में लोगों को अनफॉलो किए जाने पर तर्क दिया जा रहा है कि अभी ट्विटर हैंडल की देखरेख करने वाले स्टाफ की ओर से भी कुछ लोगो को फॉलो कर लिया गया था। अब राहुल खुद अपना अकाउंट रिफ्रेश कर रहे हैं, तो कुछ नाम छंटनी हुए हैं। जल्द कुछ नए लोगों को फॉलो भी करेंगे।