विश्वासघात किया: लल्लू
उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने जितिन प्रसाद को क्या कुछ नहीं दिया, लेकिन जब पार्टी को नेताओं कार्यकर्ताओं की आवश्यकता थी तो उन्होंने विश्वासघात किया। जितिन प्रसाद के दोस्त, उनके साथ केन्द्रीय मंत्री रहे नेता का कहना है कि उनके पिता जितेंद्र प्रसाद भी हार्ड बार्गेनर थे। जितिन प्रसाद ने भी उसी इतिहास को दोहराया। वह भाजपा में गए हैं। हो सकता है कि वहां एमएलसी बना दिए जाएं या राज्यसभा की सदस्यता मिल जाए। उनकी कांग्रेस पार्टी में यह इच्छा पूरी नहीं हो सकती थी। लेकिन मेरे हिसाब से जितिन प्रसाद ने कुछ नया नहीं किया। उनसे काफी पहले से ऐसा करने की उम्मीद की जा रही थी। यह पूछे जाने पर कि क्या सचिन पायलट भी ऐसा कर सकते हैं? सूत्र का कहना है कि कौन क्या करेगा, यह नहीं बताया जा सकता, लेकिन जितिन प्रसाद और सचिन पायलट में काफी फर्क है।
जितिन प्रसाद के भाजपा में जाने से क्या फर्क पड़ेगा?
कांग्रेस के नेताओं का कहना है कि हमें यह मानने में कोई गुरेज नहीं है कि वह एक राजनीतिक परिवार से थे। उनके पिता जितेन्द्र प्रसाद पार्टी के कद्दावर नेताओं में थे। इसी वजह से उन्हें लोकसभा का चुनाव लड़ाया गया था और केन्द्र सरकार में मंत्री बनाए गए थे। उत्तर प्रदेश कांग्रेस में धाक रखने वाले एक नेता का कहना है कि वह पार्टी के तमाम चेहरों में एक चेहरा थे, लेकिन अपना कोई जनाधार नहीं बना सके थे। इसलिए मैं उन्हें जनाधार वाला नेता नहीं कहूंगा। इसलिए उनके जाने से शाहजहांपुर में भी कांग्रेस को कोई बड़ा नुकसान नहीं होने वाला है। हां, भाजपा को इससे अपने लिए सकारात्मक माहौल बनाने में कुछ मदद मिल सकती है।