इस्राइल के साथ भारत के राजनयिक संबंधों के 30 साल पूरे होने और पेगासस स्पाईवेयर मामला एक बार फिर गर्म होने के बाद कांग्रेस नेता पी चिदंबरम ने पीएम मोदी पर तंज कसा है। पीएम मोदी के संदेश पर तंज कसते हुए पी चिदंबरम ने ट्वीट किया कि "इस्राइल से पूछने का यह सबसे अच्छा समय है कि क्या उनके पास पेगासस स्पाइवेयर का कोई एडवांस वर्जन है।" इस बीच लोकसभा में कांग्रेस पार्टी के नेता अधीर रंजन चौधरी ने स्पीकर ओम बिड़ला को पत्र लिखा और मांग की है कि पेगासस मुद्दे पर सदन को जानबूझकर गुमराह करने के लिए सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री के खिलाफ विशेषाधिकार प्रस्ताव शुरू किया जाना चाहिए।
"पीएम ने कहा कि भारत-इस्राइल संबंधों में नए लक्ष्य निर्धारित करने का यह सबसे अच्छा समय है। बेशक, यह इस्राइल से पूछने का सबसे अच्छा समय है कि क्या उनके पास पेगासस स्पाइवेयर का कोई उन्नत संस्करण है। आखिरी डील 2 बिलियन डॉलर में हुई थी। भारत इस बार बेहतर कर सकता है। अगर हमें 2024 के चुनावों से पहले और अधिक परिष्कृत स्पाइवेयर मिलते हैं, तो हम उन्हें 4 बिलियन डॉलर भी दे सकते हैं।"
दरअसल, पीएम मोदी ने दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंध के तीस साल पूरे होने पर कहा था कि इस संबंधों को आगे बढ़ाने के लिए नए लक्ष्य निर्धारित करने का इससे बेहतर समय नहीं हो सकता।
न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के बाद आई चिदंबरम की टिप्पणी
कांग्रेस नेता व पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम की यह टिप्पणी न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट सामने आने के एक दिन बाद आई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि इस्राइल स्पाइवेयर पेगासस और एक मिसाइल प्रणाली, 2017 में भारत और इस्राइल के बीच हुए दो बिलियन डॉलर के सौदे के केंद्र बिंदु थे।