कांग्रेस नेता और पूर्व वित्त मंत्री पी. चिदंबरम को सोमवार को एम्स में भर्ती कराया गया। उन्होंने पेट दर्द आदि की शिकायत की थी। वह करीब दो घंटे तक एम्स में रहे। इसके बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। उन्हें शाम करीब 5.40 बजे एम्स लाया गया था। उन्हें पुराने प्राइवेट वार्ड में रखा गया था।
गौरतलब है कि कांग्रेस नेता पी. चिदंबरम आईएनएक्स मीडिया केस में ईडी की कस्टडी में हैं। पी. चिदंबरम को सोमवार सुबह आरएमएल में भर्ती कराया गया था। वहां से उन्हें एम्स भेज दिया गया। उन्होंने पेट दर्द आदि की शिकायत की थी। कुछ सामान्य जांच और उपचार के बाद उन्हें शाम को लगभग 7.20 बजे एम्स से छुट्टी दे दी गई।
बता दें कि चिदंबरम को सशर्त जमानत देने के सुप्रीम कोर्ट के फैसले के खिलाफ सीबीआई ने पुनर्विचार याचिका दी है। जांच एजेंसी ने याचिका में मांग की है कि सुप्रीम कोर्ट अपने आदेश पर फिर से विचार करें, क्योंकि चिदंबरम ने इस मामले में गवाहों के प्रभावित किया है।
पुनर्विचार याचिका में सीबीआई ने कहा कि पी चिदंबरम के खिलाफ दो गवाहों ने इस बारे में अपना बयान मजिस्ट्रेट के समक्ष दर्ज कराया है। ऐसे में चिदंबरम की जमानत रद्द होनी चाहिए। पूर्व वित्त मंत्री को सीबीआई वाले मामले में सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिल गई थी।
सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि चिदंबरम बिना निचली अदालत की अनुमति के विदेश नहीं जा सकते। उन्हें जांच में सहयोग करना होगा। जब भी जांच एजेंसी उन्हें पूछताछ के लिए बुलाएगी तो उन्हें जाना होगा।
सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि इस फैसले का असर चिदंबरम के खिलाफ चल रहे किसी दूसरे मामले पर नहीं पड़ेगा।