फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आजाद के बयान पर भड़के बिश्नोई, बोले- वो कांग्रेस को तोड़ने की साजिश रच रहे

Mon, 23 Nov 2020 04:39 PM IST
योगेश साहू पीटीआई, नई दिल्ली।
विज्ञापन
कुलदीप बिश्नोई - फोटो : ANI
विज्ञापन

कांग्रेस की मौजूदा स्थिति पर पार्टी के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद के हालिया बयानों को लेकर अपनी ही पार्टी के नेताओं के निशाने पर आ गए हैं। कांग्रेस कार्य समिति के विशेष आमंत्रित सदस्य कुलदीप बिश्नोई ने सोमवार को आरोप लगाया कि राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष आजाद विरोधी दलों के साथ मिलकर कांग्रेस को तोड़ने की साजिश कर रहे हैं। 

विज्ञापन


बिश्नोई ने कहा कि आजाद साहब ने पिछला चुनाव 15 साल पहले जीता था। इसलिए हम जैसे लोग, जो लगातार चुनाव जीतते रहे हैं, वर्तमान राजनीतिक स्थिति के बारे में बेहतर बता सकते हैं। उन्होंने कहा कि कुछ नेता हमारे विरोध में पार्टियों के हाथों में खेल रहे हैं। उनमें से कुछ के खिलाफ मामले दर्ज हैं। इसलिए वे अन्य दलों की मिलीभगत से कांग्रेस पार्टी को कमजोर करना चाहते हैं। लेकिन हम उनकी साजिशों को सफल नहीं होने देंगे।

इससे पहले बिश्नोई ने आजाद पर गांधी परिवार के साथ ‘गद्दारी करने’ का भी आरोप लगाया और कहा कि कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता उनके इस ‘षड्यंत्र’ को सफल नहीं होने देंगे।
विज्ञापन


हरियाणा प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बिश्नोई ने ट्विटर पर वीडियो पोस्ट कर कहा कि आजाद साहब का बयान सुना जिससे बहुत हैरानी हुई, दुख हुआ और गुस्सा भी आया। इतना वरिष्ठ नेता सार्वजनिक रूप से इस तरह का बयान दे, उसकी जितनी भी निंदा की जाए वो कम है।

उन्होंने सवाल किया कि आजाद साहब कहते हैं कि पार्टी में नीचे से लेकर ऊपर तक चुनाव होना चाहिए। मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि जब उन्हें जम्मू-कश्मीर युवा कांग्रेस का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था तो उस वक्त उन्होंने चुनाव की बात क्यों नहीं की? जिस वक्त उन्हें भारतीय युवा कांग्रेस का अध्यक्ष नियुक्त किया तो उस वक्त चुनाव की बात क्यों नहीं की?

बिश्नोई ने आरोप लगाया कि आजाद साहब, आज आप सिर्फ पार्टी को तोड़ने की साजिश विपक्षी दलों के साथ मिलकर कर रहे हैं। हम आपके इस षड्यंत्र को कामयाब नहीं होने देंगे।

आपका क्या इतिहास है..

उन्होंने कहा कि आपका क्या इतिहास है? आप पूरे जीवन में सिर्फ तीन चुनाव जीते हैं। जिस गांधी परिवार ने आपको पांच बार राज्यसभा के लिए मनोनीत किया, आप उस परिवार के खिलाफ बात करते हैं। आपसे ज्यादा चुनाव मैंने जीते हैं। मैंने छह चुनाव जीते हैं।

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भजन लाल के पुत्र बिश्नोई ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में आपको (आजाद) कोई नहीं पूछता और आप यहां नसीहत देते हैं। आपको हरियाणा विधानसभा चुनाव से पहले प्रभारी बनाया गया, आपने बेड़ा गर्क करके रख दिया। अगर आपके बजाय कोई और प्रभारी होता तो आज हरियाणा प्रदेश के अंदर कांग्रेस की सरकार होती।

इंदिरा-राजीव ने देश के लिए जान दी: बिश्नोई

उन्होंने कहा कि आप गांधी परिवार के खिलाफ गद्दारी करते हैं। इंदिरा जी और राजीव जी ने देश के लिए जान दी। सोनिया जी ने कांग्रेस को मजबूत करने के लिए अध्यक्ष पद को स्वीकार किया। आज राहुल जी कांग्रेस को मजबूत करने के लिए पूरे देश में घूम कर रहे हैं। प्रियंका गांधी भी पार्टी को मजबूत करने में लगी हैं।

बिश्नोई ने इस बात पर जोर दिया कि हम पूर्ण रूप से गांधी परिवार के साथ खड़े हैं। अगर राहुल जी और प्रियंका जी हैं, तभी कांग्रेस पार्टी है। मेरी कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं से अपील है कि आप मेहनत करें। हम दोबारा कांग्रेस का स्वर्णिम युग लाएंगे।

गौरतलब है कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आजाद ने रविवार को कहा कि कांग्रेस के नेता आम लोगों से पूरी तरह से कटे हुए हैं और पार्टी में ‘‘पांच सितारा संस्कृति’’ घर कर गई है। उन्होंने संगठनात्मक ढांचे में आमूलचूल परिवर्तन का आह्वान किया।
विज्ञापन

पांच सितारा संस्कृति को छोड़ देना चाहिए

बिहार विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की हार के बाद उनका यह बयान आया है। इस चुनाव में पार्टी ने 70 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ा था, जिनमें से वह केवल 19 सीटों पर जीत दर्ज कर पाई।

आजाद ने कहा कि ब्लॉक से लेकर जिला और राज्य स्तर तक चुनाव कराकर पार्टी के ढांचे में आमूलचूल परिवर्तन की तत्काल जरूरत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को कम से कम चुनावों के दौरान पांच सितारा संस्कृति को छोड़ देना चाहिए।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें