देश में अगर अभी लोकसभा चुनाव हुए तो कांग्रेस कम से कम 200 सीटें जीत सकती है। कांग्रेस ने एक आतंरिक सर्वे कराई है जिसमें पार्टी को अनुमान है कि लोकसभा की 545 सीटों में 200 से ज्यादा सीटें मिलेंगी। ये दावा रेडिफ. कॉम में प्रकाशित खबर में किया गया है।
रेडिफ के मुताबिक, इस सर्वे के बाद कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी खुश हैं और उनका मानना है कि आगामी लोकसभा चुनाव में पार्टी कम से कम 300 सीटें जीत सकती है। इस सर्वे के लिए 350-400 लोकसभा क्षेत्रों से सैंपल लिए हैं। हालांकि, ये सर्वे फोन पर किए गए हैं। नोएडा-दिल्ली एरिया से इनका चयन हुआ, जहां पर पोल कंपनी का हेडक्वार्टर है।
वैसे, अगला लोकसभा चुनाव 2019 में होने वाले हैं। हालांकि, नोटबंदी के बाद देश भर में हुए उपचुनाव और निकाय चुनावों में बीजेपी को कामयाबी ही मिली । मध्य प्रदेश में हुए उपचुनाव में बीजेपी एक लोकसभा और एक विधानसभा सीट जीत चुकी है। वहीं महाराष्ट्र के 164 नगर निकायों के चुनाव में बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी। हालांकि पीएम नरेंद्र मोदी के गृह राज्य गुजरात के स्थानीय चुनावों में पार्टी अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सकी।