कांग्रेस यूपी के आगामी विधानसभा चुनाव में अब ट्विटर, फेसबुक के सहारे जंग जीतने की तैयारी कर रही है। पार्टी पर अब पीके (चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर) की छाप साफ नजर आने लगी है।
लोकसभा चुनाव में भाजपा ने सोशल नेटवर्किंग का सहारा लिया तो इस बार कांग्रेस उसी रास्ते पर चल पड़ी है। स्थानीय कांग्रेसियों की ओर से प्रियंका गांधी के समर्थन में तस्वीरें और कमेंट लगातार पोस्ट किए जा रहे हैं। पिछले दिनों इलाहाबाद आई पीके की टीम के समक्ष भी कांग्रेसियों ने प्रियंका को कमान सौंपे जाने की मांग की थी।
कांग्रेस ने यूपी में प्रियंका गांधी के जरिये पैर जमाने की कोशिशें तेज कर दी हैं। प्रशांत किशोर की ओर से पहले ही स्पष्ट किया जा चुका है कि पार्टी को यूपी में पांव जमाना है तो प्रियंका को सामने लाना होगा। उन्हें प्रचार की कमान सौंपी जाएगी या उनका नाम सीएम के दावेदार के रूप में प्रस्तावित किया जाएगा, इसको लेकर भले ही सबकी अलग-अलग राय हो लेकिन प्रियंका के नाम पर कांग्रेसी एकमत नजर आने लगे हैं और इसको लेकर फिलहाल कोई गुटबाजी भी नहीं है। यही वजह है कि सोशल नेटवर्किंग साइट्स पर राहुल गांधी से ज्यादा प्रियंका के समर्थन में तस्वीरें और कमेंट्स पोस्ट किए जा रहे हैं।