कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी के नोटिस पर कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने सवाल उठाया है। उन्होंने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय( ईडी) ने मेरी बेटी की स्कूल फीस और परीक्षा परिणामों के बारे में पूछताछ के लिए एक नोटिस भेजा है। मैंने ईडी द्वारा पहले भेजे गए नोटिस का जवाब दिया है। अब फिर से, मुझे समन किया गया है, वे केवल विपक्ष को नोटिस भेजते हैं।
22 फरवरी को ईडी ने किया है तलब
कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डी के शिवकुमार ने बुधवार को सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि ईडी ने उन्हें 22 फरवरी को पेश होने के लिए कहा है। इतना ही नहीं मेरी बेटी को सीबीआई ने नोटिस दिया है। विपक्ष के नेताओं के खिलाफ केंद्रीय जांच एजेंसियों की कार्रवाई का हवाला देते हुए कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि ये एजेंसियां सत्ता पक्ष के नेताओं के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रही हैं।
केंद्रीय एजेंसियों पर लगाए आरोप
उन्होंने कहा कि मैंने ईडी को पहले ही जवाब दे दिया है और अब वे फिर से मुझे 22 फरवरी को ईडी के सामने पेश होने के लिए कह रहे हैं। मई में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी की तैयारियों के तहत वर्तमान में 'प्रजा ध्वनि यात्रा' कर रहे डीके शिवकुमार ने सवाल करते हुए कहा कि ऐसे में मुझे क्या करना चाहिए? क्या मुझे आगे बढ़ना चाहिए।
सत्ता पक्ष पर निशाना साधते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि 'ईडी और सीबीआई जांच केवल विपक्षी दलों के खिलाफ है, सत्तारूढ़ पार्टी के खिलाफ नहीं, भले ही उन्होंने हजारों करोड़ रुपये जमा किए हों, कोई भी ईडी उनसे पूछताछ नहीं करता है।'
पहली बार 2019 में ईडी के निशाने पर आए थे डीके शिवकुमार
गौरतलब है कि शिवकुमार इससे पहले नेशनल हेराल्ड मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूछताछ के लिए दिल्ली में ईडी के सामने पेश हुए थे। पहली बार ने ईडी के निशाने पर तब आए थे जब उन्हें 3 सितंबर, 2019 को एजेंसी द्वारा उनके खिलाफ आयकर विभाग की कार्रवाई से सामने आए एक मामले में कई दौर की पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया था। हालांकि दिल्ली हाई कोर्ट ने उसी साल अक्टूबर में उन्हें जमानत दे दी थी। इसके अलावा, एजेंसी ने पिछले साल मई में इस मामले में उनके और उनसे जुड़े कुछ अन्य लोगों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी।
आयकर विभाग ने भी दर्ज किया है आरोप
आय से अधिक संपत्ति के कथित कब्जे से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के एक अन्य मामले में ईडी ने सितंबर में उनसे पूछताछ की थी। I-T विभाग ने शिवकुमार और उनके कथित सहयोगियों पर तीन अन्य आरोपियों की मदद से हवाला चैनलों के माध्यम से नियमित रूप से बड़ी मात्रा में बेहिसाब नकदी का परिवहन करने का आरोप लगाया है।
सीबीआई अधिकारियों ने इससे पहले आय से अधिक संपत्ति के मामले में शिवकुमार द्वारा चलाए जा रहे शिक्षण संस्थानों में तलाशी ली थी, जिसकी जांच की जा रही है। गौरतलब है कि कर्नाटक कांग्रेस के अध्यक्ष शिवकुमार नेशनल एजुकेशन फाउंडेशन (एनईएफ) के अध्यक्ष हैं और उनकी बेटी डीकेएस ऐश्वर्या ट्रस्टी सचिव हैं।