बिहार में इस साल के अंत तक होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले सियासत चरम पर है। दरभंगा में वोटर अधिकार यात्रा के दौरान कांग्रेस-आरजेडी के मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया था। इस मामले को लेकर भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने आ गए। मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी पहली बार अपनी प्रतिक्रिया दी है।
प्रधानमंत्री ने स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी बिहार की महिलाओं को किफायती ब्याज दरों पर धन तक आसान पहुंच प्रदान करने के लिए सहकारिता का डिजिटल तरीके से उद्घाटन किया। इसके बाद संबोधन के दौरान उन्होंने अपनी मां को दी गई गाली का जिक्र किया। उन्होंने बिहार की जनता को संबोधित करते हुए कहा, मां ही तो हमारा संसार होती है, मां ही हमारा स्वाभिमान होती है। बिहार में कुछ दिनों पहले जो हुआ, उसकी मैंने कल्पना भी नहीं की थी। बिहार में आरजेडी-कांग्रेस के मंच से मेरी मां को गालियां दी गईं। ये गालियां सिर्फ मेरी मां का अपमान नहीं है, ये देश की मां-बहन-बेटी का अपमान है।
प्रधानमंत्री के बयान पर कांग्रेस नेताओं का कहना है कि, यह साजिश भाजपा की ओर से की जा रही है ताकि यात्रा के असली मुद्दों से ध्यान भटकाया जा सके। अमर उजाला से चर्चा में कांग्रेस प्रवक्ता अभय दुबे कहते है कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुद्दे बिहार के मुख्य मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए अपने भाषण में इस तरह की बातों का जिक्र कर रहे है। ताकि जनता एसआईआर, बेरोजगारी और घोटालों मुद्दों को भूल सके। लेकिन अब जनता भाजपा के इस भ्रम में आने वाली नहीं है। आज बिहार की जनता समझ गई है कि असली क्या है और नकली क्या है।
भाजपा राहुल गांधी और आरजेडी की यात्रा से ध्यान भटकाने के लिए इस तरह के मुद्दों को उठा रही है। दरभंगा में जिस व्यक्ति ने मंच से टिप्पणी की है वह न तो कांग्रेस का है न ही आरजेडी का है। हमारे गठबंधन से उसका कोई लेना देना नहीं है। वह आदमी कौन है, वह किसका आदमी था, पता लगाइए तो पता चल जाएगा। भाजपा के लोग मुद्दों से भटकाने और यात्रा से ध्यान हटाने के लिए अपने एजेंट को भेजते अपने ही प्रधानमंत्री को गाली दिलवाते हैं। ताकि मुद्दा बने, फिर उसको मुद्दा बनाते हैं। इसके बाद सबसे ट्वीट करवाते हैं। लेकिन अब जनता ये सभी खेल समझ चुकी है।
अमर उजाला से चर्चा में इस मामले में कांग्रेस पूर्व सांसद कमल किशोर कमांडो का कहना है कि,कांग्रेस का कोई व्यक्ति नहीं चाहेगा कि प्रधानमंत्री या उनके निजी परिवार पर अपशब्द कहे जाएं। यह कांग्रेस की संस्कृति नहीं है। जिस व्यक्ति ने अपशब्द कहे वह पूर्व में भाजपा में रहा है। यह एक योजना का हिस्सा है ताकि कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी की यात्रा बदनाम हो सके। यात्रा से ध्यान भटका सकें। ये हमारी इस यात्रा से बौखलाए हुए हैं। इनकी चोरी पकड़ी गई है, इसलिए बौखलाए हुए हैं। जो गिरफ्तार हुआ है वह कौन है, किसका आदमी है, पता लगाइए। आज भारतीय जनता पार्टी की गुंडागर्दी जनता देख रही है, पूरा देश देख रहा है। अब ये गुंडागर्दी ज्यादा दिन नहीं चलेगी।
गिरफ्तार किया जा चुका है युवक
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल करने वाले शख्स को दरभंगा में पुलिस ने बीते गुरुवार की रात गिरफ्तार कर लिया है। दरभंगा के रहने वाले रिजवी ने कांग्रेस की रैली के दौरान पीएम मोदी के लिए गलत शब्दों का इस्तेमाल किया था। बवाल इतना बढ़ा कि शुक्रवार को पटना में कांग्रेस कार्यालय के बाहर जब बीजेपी के कार्यकर्ता और नेता विरोध मार्च निकालते हुए पहुंचे तो यहां झड़प हो गई. कांग्रेस और बीजेपी के कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट हो गई।