फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हरियाणा में कांग्रेसी उम्मीदवार देख रहे राहुल-प्रियंका की राह, स्टार प्रचारकों का पड़ा टोटा

Mon, 29 Apr 2019 07:21 PM IST
Jitendra Bhardwaj जितेंद्र भारद्वाज, नई दिल्ली
विज्ञापन
राहुल गांधी और प्रियंका गांधी (फाइल) - फोटो : Facebook/Priyanka Gandhi Vadra
विज्ञापन
हरियाणा में कांग्रेसी उम्मीदवारों के लिए स्टार प्रचारकों का टोटा पड़ गया है। चुनाव प्रचार के लिए न तो प्रदेश स्तर पर कोई नेता बचा है और न ही राष्ट्रीय स्तर का नेता यहां आ रहा है। अब सभी उम्मीदवार राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के आने की राह देख रहे हैं। चूंकि प्रदेश की सभी 10 सीटों पर छठे चरण में 12 मई को मतदान होगा, इसलिए कांग्रेस उम्मीदवारों की चिंता बढ़ गई है। कई उम्मीदवारों ने केंद्रीय आलाकमान से गुहार लगाई है कि उनके लोकसभा क्षेत्रों में राहुल और प्रियंका की रैली या रोड शो का कार्यक्रम बनाया जाए।
विज्ञापन


बता दें कि इस बार हरियाणा में कांग्रेस पार्टी की विचित्र स्थिति है। पार्टी के अधिकांश कद्दावर नेता चुनाव लड़ रहे हैं। विधानसभा चुनाव में तो मुख्यमंत्री या पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष, इनमें से कोई न कोई चुनाव प्रचार के लिए निकल पड़ता था। इस बार पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा खुद चुनाव मैदान में हैं। वे सोनीपत से चुनाव लड़ रहे हैं। उनके पुत्र दीपेंद्र हुड्डा रोहतक सीट से उम्मीदवार हैं। 

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अशोक तंवर भी सिरसा सीट से भाग्य आजमा रहे हैं। उनका चुनाव आसान नहीं है, लिहाजा वे भी सिरसा से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। अब ऐसे में प्रदेश की दूसरी सीटों पर चुनाव प्रचार कौन करे, यह सवाल खड़ा हो गया है। सभी उम्मीदवार खुद ही अपनी-अपनी सीटों पर प्रचार में जुटे हैं। स्टार प्रचारकों के न आने से चुनाव में तेजी नहीं आ पा रही है। 
विज्ञापन


प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अशोक तंवर भी इस बात को मानते हैं कि राहुल गांधी या प्रियंका में से किसी को प्रदेश का दौरा करना चाहिए। अगर ये नेता आ जाते हैं तो हमारी जीत का अंतर भी बढ़ जाएगा। हालांकि सभी उम्मीदवार 24 घंटे जनता के बीच हैं। उन्हें लोगों का अपार समर्थन मिल रहा है, फिर भी प्रदेश के लोग पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका को सुनना चाहते हैं।

हमने इस बाबत मांग भेज दी है। इस लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी 29 मार्च को एक दिन के दौरे पर हरियाणा में आए थे। उन्होंने रोड शो भी किया था। हालांकि उस वक्त कांग्रेस ने कोई भी टिकट घोषित नहीं किया था। 
विज्ञापन

इन सीटों पर राहुल-प्रियंका की है सबसे ज्यादा डिमांड

भूपेंद्र सिंह हुड्डा (फाइल) - फोटो : amar ujala
सबसे पहले अंबाला सीट का नाम आता है। यहां से कुमारी शैलजा चुनाव लड़ रही हैं। उनके सामने भाजपा के मौजूदा सांसद रत्नलाल कटारिया हैं। मुकाबला टक्कर का हो गया है। इससे पहले जब शैलजा ने 2009 में यहां से चुनाव लड़ा था तो सोनिया गांधी ने उनके समर्थन में रैली की थी। इस बार वे अकेली ही अपने प्रचार को आगे बढ़ा रही हैं। इन्हें भी राहुल प्रियंका की दरकार है। 

सिरसा सीट, यहां से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अशोक तंवर चुनाव लड़ रहे हैं। उनके सामने भाजपा की सुनीता दुग्गल और इनेलो के मौजूदा सांसद चरणजीत रोड़ी हैं। इन्होंने मुकाबले को त्रिकोणीय बना दिया है। दिल्ली से सटे फरीदाबाद लोकसभा क्षेत्र में भी कांग्रेस प्रत्याशी अवतार सिंह भड़ाना की स्थिति उतनी मजबूत नहीं बताई जा रही। पार्टी ने पहले यहां से ललित नागर को टिकट दी थी, बाद में उनकी जगह पर अवतार सिंह को चुनाव मैदान में उतारा गया। यहां पर स्टार प्रचारकों की जरुरत महसूस की जा रही है। 

इसके बाद भिवानी-महेंद्रगढ़ सीट का नंबर आता है। यहां पर किरण चौधरी की बेटी श्रुति चौधरी चुनाव लड़ रही हैं। इनका मानना है कि राहुल या प्रियंका में से कोई एक नेता यहां रैली करता है तो उसका सीधा फायदा पार्टी को मिलेगा। हमारी जीत का अंतर बढ़ जाएगा।

हुड्डा साहब को भी बाहर निकलने की फ़ुर्सत नहीं

सोनीपत सीट पर पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा चुनाव मैदान में हैं। माना जा रहा है कि वे आसानी से यह सीट निकाल लेंगे। हालांकि वे भी दिन-रात चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं। दूसरी सीटों के लिए उनके पास फुर्सत नहीं है। 

हिसार सीट पर कांग्रेस की हालत ठीक नहीं बताई जा रही। यहां पर जजपा के मौजूदा सांसद दुष्यंत चौटाला और भाजपा के ब्रजेंद्र सिंह चुनाव लड़ रहे हैं। इन दोनों ने कांग्रेस के भव्य बिश्नोई के सामने कड़ी टक्कर पेश की है। अगर राहुल या प्रियंका में से कोई एक यहां रोड शो करता है तो उसका कुछ फायदा बिश्नोई को मिल सकता है। वजह, केंद्रीय नेताओं के यहां आने से वे नेता भी प्रचार में आएंगे जो अभी तक किन्हीं कारणों से किनारा किए हैं। 

करनाल सीट भी कड़े मुकाबले में फंसी है। यहां पर हुड्डा के विश्वस्त कुलदीप शर्मा चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा ने यहां से संजय भाटिया को टिकट दी है। कुलदीप भी चाहते हैं कि राहुल, प्रियंका और भूपेंद्र हुड्डा को यहां के लिए समय निकालना चाहिए। दिल्ली में पार्टी नेताओं का कहना है कि राहुल का कम से कम एक दौरा हरियाणा के लिए तैयार किया जा रहा है। गुलाम नबी आजाद, कपिल सिब्बल और अहमद पटेल भी प्रदेश के चुनाव प्रचार में आएंगे।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें