गुजरात कांग्रेस ने राज्य में कोरोना वायरस के फैलने का जिम्मेदार 'नमस्ते ट्रम्प' कार्यक्रम को ठहराया है। पार्टी ने कहा है कि वह इसके खिलाफ कोर्ट का भी दरवाजा खटखटाएगी।
पिछले सप्ताह से लॉकडाउन की पाबंदियों में मिली कुछ रियायतों के बाद से अब तक करीब 3.75 लाख प्रवासी मजदूर गुजरात छोड़ चुके हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को बताया कि ये प्रवासी मजदूर ट्रेनों, बसों और अन्य वाहनों से अपने घरों के लिए रवाना हो चुके हैं।
अधिकारी ने बताया कि अभी 36 हजार और प्रवासी मजदूर सूरत, अहमदाबाद, राजकोट और वड़ोदरा समेत गुजरात के अन्य स्टेशनों से निकलेंगे। ये सभी मजदूर 30 ट्रेनों में उत्तर प्रदेश, बिहार, ओडिशा और झारखंड के लिए जाएंगे।
मुख्यमंत्री के सचिव अश्विनी कुमार ने एक वीडियो संदेश में कहा कि मंगलवार तक 39 विशेष ट्रेनों से करीब 47 हजार प्रवासी श्रमिक अपने गृह राज्यों के लिए जा चुके हैं। उन्होंने आगे कहा, ‘‘अब तक गुजरात से ट्रेनों, बसों और अन्य वाहनों से करीब 3.75 लाख प्रवासी मजदूर अपने गृह राज्यों के लिए रवाना हो चुके हैं।’’