कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए लगाए गए लॉकडाउन-3 के बाद अब कांग्रेस ने सरकार पर हमला बोला है। कांग्रेस की तरफ से केंद्र सरकार से पूछा गया है कि वह लोगों को लॉकडाउन से बाहर निकलने का प्लान बताए। कांग्रेस के प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि सरकार बताए कि वह कोरोना वायरस और अर्थव्यवस्था से निपटने के लिए क्या करने वाली है।
कांग्रेस ने लॉकडाउन की मियाद 17 मई तक बढ़ाए जाने को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सवाल किया कि यह पूरी तरह खत्म कब होगा। रणदीप सुरजेवाला ने सरकार से आग्रह किया कि प्रवासी मजदूरों से किराया लिए बगैर उन्हें घर भेजने के लिए रेलगाड़ियों की व्यवस्था की जाए। इस दौरान उन्होंने किसानों, सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्योग (एमएसएमई) की इकाइयों और वेतनभोगी वर्ग को राहत देने के लिए तुरंत कदम उठाने की मांग की।
वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए पत्रकारों से बात करते हुए रणदीप सुरजेवाला ने कहा, ‘‘गृह मंत्रालय ने शुक्रवार शाम आदेश जारी कर 17 मई तक लॉकडाउन का तीसरा चरण लागू कर दिया। इस दौरान न प्रधानमंत्री सामने आए, न राष्ट्र को संबोधित किया और न गृहमंत्री आए, यहां तक कि कोई अधिकारी भी सामने नहीं आया। आया तो केवल एक आधिकारिक आदेश।’’
सुरजेवाला ने इस दौरान सरकार से एक साथ कई सवाल किए, जैसे कि
- लॉकडाउन के तीसरे चरण के पीछे क्या लक्ष्य और रणनीति है?
- लॉकडाउन के आगे का क्या रास्ता है?
- क्या लॉकडाउन-3 आखिरी है?
- क्या 17 मई को लॉकडाउन-3 खत्म हो जाएगा?
- क्या लॉकडाउन-4 और लॉककाउन-5 भी आने वाला है?
- लॉकडाउन पूरी तरह से खत्म कब होगा?
मालूम हो कि 25 मार्च से सरकार ने कोरोना वायरस महामारी के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए देशभर में लॉकडाउन किया है। पहले लॉकडाउन की अवधि 14 अप्रैल तक थी, जिसे बढ़ा कर 3 मई तक कर दिया गया था, और अब केंद्र सरकार ने लॉकडाउन-3 करते हुए बंदी की सीमा को दो हफ्तों के लिए और बढ़ा दिया है।