असम में भीड़ द्वारा पीट-पीटकर एक व्यक्ति की हत्या मामले में कांग्रेस ने सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस ने सरकार से सवाल किया है कि भाजपा की सरकार को कब राजधर्म याद आएगा।
पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने असम की घटना से जुड़ी खबर को शेयर करते हुए ट्वीट किया, 'कब आएगा याद 'राजधर्म'? कब लौटेगा 'कानून का शासन'? असम में भाजपा सरकार की नाक के नीचे 'भीड़ तंत्र' ने दिन दहाड़े एक और हत्या की।' उन्होंने कहा, 'मई 2018 में बाईक पर जा रहे दम्पती की गोलपाड़ा में हत्या हुई। जून 2018 को कार्बी आंगलांग में 2 युवकों की हत्या हुई। 15 अगस्त, 2018 को बिस्वनाथ जिले में 1 युवक की हत्या हुई।'
सुरजेवाला ने कहा, 'असम के साथ साथ भाजपा शासित झारखंड में भी 'भीड़ तंत्र' ने मानसिक रूप से अस्थिर एक व्यक्ति की हत्या की। राजधर्म की धज्जियां उड़ा, झारखंड में भी 'भीड़ तंत्र' द्वारा हत्या आए दिन की बात बन गयी हैं।'
उन्होंने कहा, 'झारखंड में 20 मई, 2017 को 7 लोगों की हत्या हुई। 14 जून, 2018 को 2 व्यक्तियों की हत्या हुई। 16 अगस्त, 2018 को मानसिक रूप से अस्थिर एक व्यक्ति की हत्या हुई।'