पीएमओ का अधिकारी बताकर वीवीआईपी सुविधाओं के मजे लेने वाला गुजरात का ठग किरण भाई पटेल अब पुलिस के शिकंजे में है और उसपर कई संगीन धाराएं लगाकर जेल में डाल दिया है। लेकिन अब सवाल उठने लगे हैं कि इतनी बड़ी चूक हो कैसे गई...... वहीं अब कांग्रेस ने कहा कि सरकार को जवाब देना चाहिए कि चूक के लिए कौन इस्तीफा देगा।
देश की सुरक्षा से जुड़ा एक बहुत ही गंभीर मामला
कांग्रेस ने शनिवार को चिंता जताते हुए कहा कि अगर सरकार देश की सुरक्षा को लेकर गंभीर है तो उसे यह स्पष्ट करना चाहिए कि कौन इस चूक पर इस्तीफा देगा। कांग्रेस के नेता पवन खेड़ा ने कहा कि यह देश की सुरक्षा से जुड़ा एक बहुत ही गंभीर मामला है और सरकार ने शायद ऐसे मामलों पर ध्यान नहीं दिया क्योंकि वह प्रधानमंत्री के सबसे अच्छे दोस्त की रक्षा करने में व्यस्त थी।
पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि उसके खिलाफ उसके गृह राज्य में तीन मामले दर्ज हैं। वहीं श्रीनगर की एक स्थानीय अदालत ने किरण पटेल को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। एफआईआर के अनुसार जालसाज पर निशात पुलिस स्टेशन में आईपीसी की धारा 419, 420, 467, 468, 471 के तहत मामला दर्ज किया गया है
मोदी सरकार से अगर कोई सवाल पूछता है तो वह देशद्रोही
पवन खेड़ा ने कहा कि मोदी सरकार से अगर कोई सवाल पूछता है तो वह देशद्रोही है। आप किस देश के हित में सेवा कर रहे हैं? देश की सुरक्षा को लेकर आप थोड़ा भी गंभीर हैं तो मुझे बताएं कि राजनीतिक स्तर पर कौन इस्तीफा देगा। खेड़ा ने कहा कि सरकार को जवाब देना चाहिए कि इस चूक के लिए किसका इस्तीफा लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि हमारे तीन आवश्यक प्रश्न हैं - क्या एक पीएमओ अधिकारी को जेड+ सुरक्षा मिल सकती है, क्या जेड+ सुरक्षा दी जानी चाहिए और क्या जेड+ सुरक्षा इतनी आसानी से प्राप्त की जा सकती है। यह जानना बहुत महत्वपूर्ण है कि एक ठग को सुरक्षा देने का निर्देश किस स्तर से आया?
पीएमओ के फर्जी कार्ड छापकर जेड+ सुरक्षा कैसे मिली
आगे पवन खेड़ा ने सवाल उठाया कि जम्मू-कश्मीर जैसे संवेदनशील इलाके में एक व्यक्ति पांच महीने से सुरक्षाबलों के साथ धोखा कर रहा है और पीएमओ कार्ड बनवाकर जेड+ सुरक्षा वाले उन इलाकों में घूम रहा है, जहां आम नागरिक नहीं जा सकते। उन्होंने कहा और सरकार की बुद्धिमता पर भी सवाल उठाया। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने आरोप लगाया कि सत्ताधारी दल के पास ऐसा टूलकिट है कि उनसे सवाल पूछने वाला देशद्रोही है जबकि एक व्यक्ति पीएमओ के फर्जी कार्ड छापकर जेड+ सुरक्षा लेता है।
तीसरे दौरे पर आया था ठग किरन पटेल
अदालत के दस्तावेजों के अनुसार, ठग पटेल कश्मीर घाटी के अपने तीसरे दौरे पर था और बाद में तीन मार्च को सतर्क सुरक्षा अधिकारियों ने उसे पकड़ लिया। जानकारी मिली है कि वह मध्य कश्मीर के बडगाम जिले में दूधपथरी सहित कश्मीर में कई स्थानों पर गया था। दूधपथरी में उसके साथ एसडीएम रैंक का एक अधिकारी भी था। सूत्रों की मानें तो खुद को भारत सरकार के वरिष्ठ अधिकारी के रूप में पेश करने वाला किरण पटेल ने भी घाटी में अपनी यात्रा के दौरान कम से कम दो उपायुक्तों से मुलाकात की है।