कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में सोनिया गांधी।
- फोटो : ANI
गोवा में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने पहली सूची जारी कर दी है। कांग्रेस की ओर से जारी की गई सूची में आठ विधानसभा सीट के लिए उम्मीदवारों का एलान किया गया है। इसमें पूर्व मुख्यमंत्री दिगंबर कामत को मडगांव विधानसभा सीट से टिकट दिया गया है।
कांग्रेस राज्य में गोवा फॉरवर्ड पार्टी के साथ मिलकर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। राज्य की 40 सदस्यीय विधानसभा के लिए अगले साल फरवरी-मार्च में विधानसभा चुनाव होने हैं। चुनाव में इस बार कांग्रेस का मुकाबला सत्ताधारी पार्टी भाजपा के साथ-साथ आम आदमी पार्टी और ममता बनर्जी की अगुवाई वाली तृणमूल कांग्रेस से है। पिछले बार के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 36 सीटों में मात्र 13 सीटें ही जीत पाई थीं।
भाजपा को एक करारा झटका
कोरटालिम से भाजपा विधायक अलीना सलदान्हा आम आदमी पार्टी (आप) में शामिल हो गई हैं। पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। वहीं, गोवा भाजपा का कहना है कि उसने पार्टी के खिलाफ टिप्पणी करने और सत्तारूढ़ सरकार के खिलाफ आंदोलन में भाग लेने के लिए विधायक अलीना सलदान्हा को बीते दिन ही पार्टी से निष्कासित कर दिया था।