कांग्रेस ने मेघालय व त्रिपुरा में अगले महीने होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए शनिवार को अपने उम्मीदवारों का एलान कर दिया। पार्टी त्रिपुरा में 56 और मेघालय में 57 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। इन दोनों राज्यों में विधानसभा की 60-60 सीटें हैं। त्रिपुरा में 18 फरवरी और मेघालय में 27 फरवरी को मतदान होंगे।
मेघालय के मुख्यमंत्री मुकुल संगमा इस बार दो सीटों सांगसक और आमपथी से चुनाव लड़ेंगे। उनके अलावा पार्टी ने सेलेस्टिन लिंग्दोह, एससी मराक और डीआर लिंग्दोह समेत ज्यादा प्रमुख नेताओं व मंत्रियों को टिकट दिए हैं।
उम्मीदवारों के नाम का ऐलान करते ही कर्नाटक चुनावों के लिए कांग्रेस ने 70 सदस्यीय प्रचार समिति की घोषणा की। पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी की सहमति के बाद प्रचार समिति के 70 नामों पर अंतिम मुहर लगी। डीके शिवकुमार को प्रचार समिति का अध्यक्ष बनाया गया है।
चुनाव आयोग के मुताबिक राज्यों में चुनाव दो चरणों में होंगे। राज्यों में वीवीपैट से चुनाव होंगे। साथ ही हर बूथ पर एक-एक ईवीएम में वीवीपैट का मिलान होगा। उम्मीदवारों के लिए चुनाव में खर्च की सीमा 20 लाख रुपये रखी गई है।
बता दें कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह पहले ही मेघालय और त्रिपुरा का दौरा कर चुके हैं। एक के बाद कई राज्यों को अपनी रणनीति से जीतने वाले शाह इस बार नॉर्थ ईस्ट में पार्टी की पकड़ को मजबूत करने की फिराक में हैं।