कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे
- फोटो : अमर उजाला
कांग्रेस ने शुक्रवार को चुनाव आयोग को ज्ञापन देकर हाल ही में हुए महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के मतदान और गिनती प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाया। कांग्रेस ने इस मुद्दे पर व्यक्तिगत सुनवाई की मांग भी की है। कांग्रेस का आरोप है कि मतदाता सूचियों से मनमाने ढंग से मतदाताओं को हटाया गया और प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 10,000 से अधिक मतदाताओं को जोड़ा गया।
पार्टी ने यह भी कहा कि महाराष्ट्र के मतदाता डाटा पर एक पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त ने भी सवाल उठाए हैं। पार्टी का कहना है कि डाटा अपडेट के बाद अचानक 10 लाख वोटों की बढ़ोतरी हो गई थी और वे चुनाव आयोग से इसका जवाब चाहते हैं।
चुनाव आयोग को दिए ज्ञापन में कांग्रेस के महाराष्ट्र प्रभारी रमेश चेन्निथला, महाराष्ट्र कांग्रेस प्रमुख नाना पटोले और कांग्रेस महासचिव मुकुल वासनिक ने कहा कि मनमाने ढंग से हटाने और जोड़ने की इस प्रक्रिया में जुलाई 2024 से नवंबर 2024 के बीच महाराष्ट्र में मतदाता सूची में लगभग 47 लाख नए मतदाता शामिल किए गए। पार्टी ने दावा किया कि जिन 50 विधानसभा क्षेत्रों में औसतन 50,000 नए मतदाता जोड़े गए, उनमें से 47 सीटों पर सत्ताधारी गठबंधन और उसके सहयोगियों ने जीत दर्ज की।
मतदान प्रतिशत में अचानक बढ़ोतरी पर उठाए सवाल
कांग्रेस ने चुनाव आयोग की ओर से जारी आंकड़ों पर भी सवाल उठाए। पार्टी ने कहा कि 21 नवंबर 2024 को शाम 5 बजे तक महाराष्ट्र में मतदान प्रतिशत 58.22% था, जो रात 11:30 बजे तक बढ़कर 65.02% हो गया। इसके अलावा अंतिम रिपोर्ट में 66.05% मतदान दर्ज किया गया। यह मतगणना शुरू होने से कई घंटे पहले घोषित किया गया। ज्ञापन के अनुसार, केवल एक घंटे में यानी शाम 5 बजे से 6 बजे के बीच लगभग 76 लाख वोट डाले गए।