पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले में कांग्रेस कार्यकर्ता की पीट-पीट कर हत्या कर दी। अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि जलपाईगुड़ी जिले के मोइनागुड़ी में माणिक रॉय की लोगों के एक समूह ने पेड़ में बांधकर लोहे की रॉड और लाठी-डंडों से पिटाई की थी। जिसके बाद गुरुवार को इलाज के दौरान रॉय की मौत हो गई।
अधिकारी ने बताया कि बुधवार रात माणिक रॉय का किसी बात को लेकर अपने पड़ोसियों से विवाद हो गया था। जिसके बाद पड़सियों ने झुंड बनाकर रॉय पर हमला कर दिया। वहीं सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने माणिक रॉय को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया। जहां गुरुवार को इलाज के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता ने दम तोड़ दिया।
TMC के कार्यकर्ताओं पर लगा आरोप
मृतक के परिवार और डब्ल्यूबीपीसीसी अध्यक्ष अधीर चौधरी का आरोप है कि कुछ हमलावर सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के थे। रॉय की पत्नी ने बताया कि उन्हें पिछले कुछ समय से जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं।
अधीर चौधरी ने कहा, "ऐसा लगता है कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को टीएमसी शासित पश्चिम बंगाल में राजनीतिक गतिविधियां चलाने का कोई अधिकार नहीं रह गया है। हम चाहते हैं कि हत्या की निष्पक्ष जांच की जाए।" वहीं मामले में पुलिस ने गुरुवार को पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
TMC नेता कुणाल बोले- दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा
वहीं घटना के बाद टीएमसी नेता कुणाल घोष ने कहा कि यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाना चाहिए। घोष ने आगे कहा कि इस घटना का राजनीतिकरण नहीं करना चाहिए। यह निंदनीय है।
बंगाल के राणाघाट में व्यवसायी और ड्राइवर की चाकू मारकर हत्या
पश्चिम बंगाल के नादिया जिले से में अपराध की दिल दहलाने वाली वारदात सामने आई है। स्थानीय पुलिस ने बताया कि गुरुवार को एक व्यवसायी और उसकी कार के चालक की कथित तौर पर चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। वारदात को जिले के रानाघाट कस्बे में अंजाम दिया गया। पुलिस अधिकारी के मुताबिक अनुलिया इलाके में एक निर्माणाधीन मकान से सुमन चक्रवर्ती और उसके चालक के शव बरामद किए गए, जिन पर चाकू के कई घाव थे। व्यवसायी के परिवार ने पुलिस को बताया कि चक्रवर्ती दोपहर के समय किसी से मिलने अनुलिया इलाके में गए थे। बाद में परिजनों का उससे संपर्क नहीं हो सका।