भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने आज आंबेडकर जयंती के मंगलवार को कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी ने दलित होने के चलते बीआर आंबेडकर को कभी सम्मान नहीं दिया। इसके साथ ही नड्डा ने कहा, मोदी सरकार ने उनके सपने को पूरा किया और और उनके बताए रास्ते का अनुसरण किया।
भारतीय संविधान के निर्माता बाबा साहेब आंबेडकर को 129वीं जयंती पर श्रद्धांजलि देते हुए नड्डा ने कहा, आंबेडकर ने कभी अपने उसूलों के साथ समझौता नहीं किया और सामाजिक भेदभाव के खिलाफ आवाज उठाते रहे, महिलाओं के अधिकार के लिए लड़ते हुए उन्होंने कानून मंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया था।
नड्डा ने भाजपा कार्यकर्ताओं को दिए संदेश में कहा कहा, 'यह बहुत दुखद है कि बाबा साहेब के जीवनकाल के दौरान जब कांग्रेस सत्ता में थी, उन्हें कभी सम्मान नहीं दिया गया। यह और भी दुखद है कि उन्हें उनके निधन के चार दशक के बाद भारत रत्न दिया गया।' उन्होंने कार्यकर्ताओं से बाबा साहेब के आदर्श पर चलने को कहा।
बता दें कि आंबेडकर को साल 1990 में भाजपा समर्थित वीपी सिंह की सरकार के दौरान भारत रत्न प्रदान किया गया था। नड्डा ने भाजपा कार्यकर्ताओं से कहा कि इस वैश्विक महामारी के समय में गरीब लोगों की मदद करें, यह आंबेडकर को हमारी सच्ची शृद्धांजलि होगी।