नरेंद्र मोदी, ममता बनर्जी (फाइल फोटो)
- फोटो : सोशल मीडिया
चक्रवाती तूफान फैनी से मची तबाही के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री को फोन न किए जाने की खबरों का पीएमओ ने खंडन किया है। टीएमसी ने आरोप लगाया था कि हालात का जायजा लेने के लिए पीएम मोदी ने ओडिशा के मुख्यमंत्री से फोन पर बात की लेकिन पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी से बात नहीं की।
प्रधानमंत्री कार्यालय के सूत्रों ने टीएमसी के इन दावों को खारिज किया है। पीएमओ सूत्र ने बताया कि शनिवार की सुबह पीएम ऑफिस से दो बार पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी की पीएम मोदी से बात कराने की कोशिश की गई थी। पहली बार में कार्यालय से बताया गया कि सीएम अभी दौरे पर हैं जब वापस आजाएंगी तो वापस कॉल की जाएगी।
दोबारा फोन करने पर भी सीएम कार्यलय से वही जवाब मिला। बता दें कि टीएमसी ने आरोप लगाया था कि पीएम मोदी ने फैनी तूफान के बाद ओडिशा के सीएम से फोन पर बात की थी पर बंगाल की सीएम से बात नहीं की। पीएम ने सिर्फ राज्य के राज्यपाल से बात की थी। उल्लेखनीय है कि फैनी तूफान को लेकर उस समय विवाद शुरू हो गया था जब पीएम मोदी ने इसको लेकर ट्वीट किया था।
पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा कि उन्होंने राज्यपाल से बंगाल की परिस्थिति के बारे में जानकारी ली है और इस आपदा के समय केंद्र सरकार राज्य के साथ है और केंद्र सरकार द्वारा राज्य को हर संभव मदद की जाएगी। इस संबंध में तृणमूल कांग्रेस के महासचिव पार्थ चटर्जी ने कहा था कि देश में संघीय ढांचे का उल्लंघन किया जा रहा है।