यूपी के मैनपुरी में कुरावली थाना क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी गैर संप्रदाय के युवक के व्हाट्सएप ग्रुप पर वायरल सांप्रदायिक मेसेज ने तनाव बढ़ाने का काम किया है। उक्त मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना पुलिस ने दिल्ली निवासी आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पूर्व में भी इस तरह की घटनाओं से तनाव की स्थिति बन चुकी है।
थाना क्षेत्र में एक समुदाय का ग्रुप चल रहा है। इसमें कई लोग जुडे़ हुए हैं। शनिवार की दोपहर करीब 12:45 बजे दिल्ली निवासी युवक संदीप ने ग्रुप पर एक संप्रदाय विशेष के खिलाफ भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला आपत्तिजनक मेसेज पोस्ट कर दिया।
उक्त मेसेज को देखने के बाद मोहल्ला पठानान निवासी शाकिर हुसैन ने इंस्पेक्टर को दिखाया। इस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक के खिलाफ आईपीसी की धारा 295क और आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। थाना पुलिस ने ग्रुप को संचालित कर रहे युवक की तलाश भी शुरू कर दी है।