छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल
- फोटो : ANI
छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य में जाति प्रमाण-पत्र बनाने की प्रक्रिया का सरलीकरण करने के उद्देश्य से एक समिति का गठन किया है। इस समिति में पांच विधायकों को शामिल किया गया है। राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि छत्तीसगढ़ में जाति प्रमाण-पत्र बनाने की प्रक्रिया के सरलीकरण करने के उद्देश्य से एक समिति का गठन किया गया है।
इस समिति में पांच विधायक भी शामिल हैं। यह समिति विभिन्न राज्यों में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और पिछड़ा वर्ग के लोगों के जाति प्रमाण-पत्र बनाने की प्रक्रिया का अध्ययन करेगी और झारखंड, ओड़िशा राज्यों का दौरा कर वहां जाति प्रमाण-पत्र बनाने की प्रक्रिया देखेगी और अपने सुझाव देगी।
अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की अध्यक्षता में आज मंत्रालय में आयोजित राज्य स्तरीय सतर्कता एवं मॉनिटरिंग समिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया। उन्होंने बताया कि पूर्व मंत्री और विधायक रामपुकार सिंह जाति प्रमाण-पत्र बनाने की प्रक्रिया के सरलीकरण के लिए गठित समिति के अध्यक्ष होंगे।
इसके अलावा भारतीय जनता पार्टी के विधायक ननकी राम कंवर, पुन्नूलाल मोहले, कांग्रेस विधायक भुनेश्वर बघेल और मनोज मंडावी सहित अनुसूचित जाति, जनजाति विभाग के सचिव और संचालक भी समिति के सदस्य के रूप में रहेंगे।