भारत सरकार ने गुरुवार को उस दावे पर प्रतिक्रिया दी है, जिसमें अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कथित तौर पर कहा कि भारत ने अमेरिका को शून्य आयात शुल्क (जीरो टैरिफ) वाले व्यापार समझौते की पेशकश की है। वाणिज्य सचिव सुनील बड़थ्वाल ने शुक्रवार को कहा कि ऐसे किसी भी बयान का जवाब विदेश मंत्री पहले ही दे चुके हैं। उन्होंने कहा, इस पर मैं और कुछ नहीं कहूंगा।
ये भी पढ़ें: भारत-पाकिस्तान संघर्ष विराम में मध्यस्थता के बयान से पलटे ट्रंप, कहा- मैंने समस्या सुलझाने में मदद की
बड़थ्वाल ने यह भी बताया कि भारत और अमेरिका के बीच व्यापार वार्ताएं अच्छी तरह आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा, एक भारतीय टीम अमेरिका जा रही है, जहां इन पर और चर्चा की जाएगी। ट्रंप की ओर से एपल कंपनी को लेकर दिए गए हालिया बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए बड़थ्वाल ने कहा, हम किसी दूसरे देश के राष्ट्रपति के बयानों पर टिप्पणी नहीं करते।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने एपल और भारत पर क्या टिपप्णी की है?
ट्रंप ने दावा किया है कि उन्होंने एपल के सीईओ टिम कुक से बातचीत के दौरान उनसे भारत में एपल के उत्पादन का विस्तार न करने को कहा है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप ने दोहा में एक कार्यक्रम में टिम कुक से कहा कि हमें आपके भारत में निर्माण करने में कोई दिलचस्पी नहीं है। वे अपना ख्याल खुद रख सकते हैं। वे बहुत अच्छा कर रहे हैं। ट्रंप ने टिम कुक से कहा, "मैं नहीं चाहता कि आप भारत में निर्माण करें।" ट्रंप के अनुसार इस बातचीत के बाद एपल "अमेरिका में अपना उत्पादन बढ़ाएगा।"
ये भी पढ़ें: तुर्किये को 304 मिलियन डॉलर की मिसाइलें बेचेगा अमेरिका, ट्रंप प्रशासन ने दी मंजूरी
एपल के कुल उत्पादन में भारत की कितनी हिस्सेदारी?
एपल वर्तमान में अपने कुल आईफोन उत्पादन का लगभग 20% यानी हर पांच में से एक आईफोन भारत में असेंबल करता है। भारत में एपल ने अपनी उत्पादन क्षमता पिछले साल की तुलना में इस साल करीब 60% तक बढ़ाई है। एपल ने मार्च तक 12 महीनों में भारत में 22 अरब डॉलर के आईफोन असेंबल किए। यह साल के उत्पादन की तुलना में लगभग 60% अधिक है।
संबंधित वीडियो-