मुंबई-लखनऊ उड़ान में पत्रकार अर्णब गोस्वामी को कथित तौर पर परेशान करने के लिए इंडिगो द्वारा हास्य कलाकार कुणाल कामरा पर छह महीने के लिए रोक लगाए जाने के कुछ दिनों बाद कामरा ने इंडिगो एयरलाइंस को कानूनी नोटिस भेजा है। कामरा ने एयरलाइन को नोटिस भेजकर उन पर लगे छह महीने के यात्रा प्रतिबंध को हटाने, बिना शर्त माफी मांगने और 25 लाख रुपये के हर्जाने की मांग की है।
कामरा ने एयरलाइन को यह नोटिस शुक्रवार को भेजा, जिसमें कामरा के वकील ने एयरलाइन से कहा कि उसके मुवक्किल को मानसिक पीड़ा और व्यथा’ पहुंचाने और इसके साथ ही भारत और विदेश में उनके प्रस्तावित कार्यक्रमों के रद्द होने से हुए नुकसान की भरपाई के लिए उन्हें 25 लाख रुपये के हर्जाने का भुगतान करे। एयरलाइन की यह कार्रवाई पूरी तरह से अवैध, मनमानी और डीजीसीए सीएआर (विनियमों) के खिलाफ है।
बता दें कि उड़ान के दौरान टीवी पत्रकार अर्णब गोस्वामी से अभद्रता करने आरोप में कॉमेडियन कुणाल कामरा पर इंडिगो ने छह महीने का प्रतिबंध लगा दिया है। इसके तुरंत बाद ही एयर इंडिया ने भी कामरा पर अनिश्चितकालीन प्रतिबंध लगा दिया। वहीं, स्पाइसजेट और गो एयर ने भी कुणाल कामरा पर अगले आदेश तक प्रतिबंध लगा दिया।