कोयंबटूर कार ब्लास्ट मामले में पुलिस ने छठवें आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी पहचान अफसर खान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह धमाके में जान गंवाने वाले जमेशा मुबिन का चचेरा भाई है। कोयंबटूर पुलिस के मुताबिक, एसआईटी ने उसे दो दिन पहले पकड़ लिया था।
गिरफ्तार किए जाने के बाद आरोपी अफसर खान को न्यायिक मजिस्ट्रेट (जेएम 5) की कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने उसे 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में केंद्रीय कारागार में भेज दिया है।
बता दें कि 23 अक्तूबर को तमिलनाडु के कोयंबटूर जिले के उक्कड़म में कार में एलपीजी सिलेंडर फटने से एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था।
धमाके में एक की हुई थी मौत, परिजनों से पूछताछ जारी
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, जिस कार में धमाका हुआ वह उक्कड़म में एक मंदिर के पास खड़ी थी। सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस और दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। मृतक की पहचान कोयंबटूर के जमीशा मुबिन के तौर पर हुई है। उसके परिजनों से पूछताछ जारी है। कार के मालिक की भी पहचान कर ली गई है। घटना स्थल पर जली कार के अलावा कीलें और कंचे बिखरे मिले हैं। इसलिए घटना को लेकर कई तरह के संदेह जताए जा रहे हैं।
ये पांच आरोपी हुए थे गिरफ्तार
इस मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था। उनकी पहचान मुहम्मद तालका, मोहम्मद अजहरुद्दीन, मोहम्मद रियाज, फिरोज इस्माइल और मोहम्मद नवाज इस्माइल के रूप में हुई थी। अब पुलिस ने छठवें आरोपी अफसर खान को गिरफ्तार कर लिया है। वह जमीशा मुबिन का चचेरा भाई बताया जा रहा है।
केंद्र ने एनआईए को दिया जांच का आदेश
केंद्र सरकार ने गुरुवार को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) को आदेश दिया है कि वह कोयबंटूर कार विस्फोट मामले की जांच करे। इससे पहले राज्य के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने केंद्रीय गृहमंत्रालय को पत्र लिखकर मामले की जांच एनआईएस से कराने की सिफारिश की थी।
एक शीर्ष अधिकारी ने बताया कि राज्य सरकार के सिफारिश के एक दिन बाद केंद्रीय गृहमंत्रालय (एमएचए) के काउंटर-टेररिज्म एंड काउंटर रेडिकलाइजेशन (सीटीसीआर) डिवीजन विभाग ने जांच के आदेश जारी किए हैं। अधिकारी ने बताया कि मामले को जल्द एनआईए संभालेगी।