सीबीआई जल्द ही कोयला घोटाले की जांच में सुप्रीम कोर्ट के सामने स्थिति रिपोर्ट पेश करेगी। सीबीआई प्रवक्ता अभिषेक दयाल ने शनिवार को बताया कि हम सुप्रीम कोर्ट को जल्द ही मामले की जांच की प्रगति की जानकारी देंगे। हालांकि जब दयाल से उन रिपोर्ट के बारे में पूछा गया, जिनमें पूर्व सीबीआई निदेशक आलोक वर्मा की तरफ से प्रधानमंत्री कार्यालय के एक वरिष्ठ अधिकारी के खिलाफ इस घोटाले से जुड़े मामले में मुकदमा चलाने की अनुमति दिए जाने की जानकारी है, तो दयाल ने कहा कि शीर्ष अदालत की अनुमति के बिना कोई भी ब्योरा अभी नहीं बताया जा सकता है।
दयाल ने कहा कि एक राष्ट्रीय समाचार पत्र में इस संबंध में प्रकाशित किया गया समाचार तथ्यात्मक रूप से सच नहीं है। एजेंसी की तरफ से किए गए आदेश केवल अधिकारियों के स्थानांतरण के बारे में हैं, इससे अलग इनमें कुछ नहीं था। दरअसल एक मीडिया रिपोर्ट में कहा गया था कि पीएमओ के एक वरिष्ठ अधिकारी के खिलाफ वर्मा द्वारा किया गया आदेश शुक्रवार को दोबारा पदभार संभालने पर अंतरिम सीबीआई निदेशक एम. नागेश्वर राव ने खारिज कर दिया।