महाराष्ट्र के ठाणे में संयुक्त प्रवेश परीक्षा (जेईई) की तैयारी कर रहे छात्रों से तीन करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी करने के आरोप में एक कोचिंग संस्थान के आठ अधिकारियों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया है। तीनों छात्रों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने सोमवार को मामला दर्ज किया। संस्थान ने जनवरी 2024 से जेईई के छात्रों से तीन करोड़ 20 लाख रुपये तक की ठगी की। छात्रों ने शिकायत में बताया कि पैसे जमा होने के बाद अचानक क्लासेस बंद कर दी गईं। उन्होंने आरोपियों पर पैसे का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया। बता दें कि जेईई विभिन्न इंजीनियरिंग कॉलेजों में प्रवेश के लिए आयोजित एक राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश परीक्षा है।
संस्थान ने छात्रों से अलग-अलग बैंक खातों में फीस जमा करने के लिए कहा। सहायक पुलिस निरीक्षक (एपीआई) संदीप चव्हाण ने कहा, "जब छात्रों ने पैसे वापस करने और कक्षाएं न लगाने का कारण जानने के लिए उनसे संपर्क किया तो एफआईआर में नामित आरोपियों ने उन्हें धमकी दी। अबतक 80 पीड़ितों की पहचान की गई है, लेकिन आंकड़ों में वृद्धि होने की उम्मीद है।" संस्थान की ठाणे, मुंबई और दिल्ली की शाखाओं के अधिकारियों को अपराधी के रूप में नामित किया गया है।
ठाणें में 20 पर पुलिस टीम पर हमला और दंगा करने का केस दर्ज
ठाणे में एक पुलिस की टीम पर हमला करने के आरोप में एक रेस्तरां के मालिक और कर्मचारियों समेत 20 लोगों के खिलाफ दंगे का मामला दर्ज किया गया है। यह घटना पांच जनवरी की आधी रात के बाद घटी। एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस की टीम निरीक्षण के उद्देश्य से स्काईलाइन रेस्तरां पहुंचे, लेकिन रेस्तरां के मालिक और स्टाफ उन्हें अंदर जाने से रोकने लगे।
अधिकारी ने कहा, "मामला इस हद तक बढ़ गया कि आरोपी ने एक पुलिस कर्मी पर माइक्रोफोन रॉड से हमला कर दिया, जिसमें उसके सीने पर चोटें आईं। उसने अन्य पुलिस कर्मियों पर भी हमला किया। एक पुलिस अधिकारी का मोबाइल फोन भी छीन लिया।" उन्होंने आगे बताया कि आरोपियों में सेकुछ की पहचान रेस्तरां मालिक हर्ष भानुशाली और स्टाफ सदस्य गोपाल मुलानी, कृष्णा गुटा और दीपक माइट के रूप में की गई है।वर्तक नगर पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।