सेक्टर-125 की एमिटी यूनिवर्सिटी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जनता को संबोधित करेंगे। नोएडा की जनता को प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से काफी आशाएं हैं। उनकी कुछ मांगें हैं और उनका कहना है कि यह पूरी हो जाएं तो शहर और बेहतर हो जाए। जाम मुक्त नोएडा के लिए एलिवेटेड और अंडरपास : जनता का कहना है कि शहर में जाम से निजात दिलाने के लिए प्रदेश सरकार को कुछ और विकास कार्यों की घोषणाएं करनी चाहिए, जिससे लोगों को सुविधा मिले। इसमें एलिवेटेड रोड और अंडरपास बेहद जरूरी हैं।
ग्रेनो वेस्ट तक मेट्रो का विस्तार : शहर में मेट्रो विस्तार की कवायद चल रही है। नोएडा से ग्रेनो तक मेट्रो 2018 में चलने वाली है। वहीं ग्रेनो वेस्ट में नई सोसाइटी बस रही हैं। लिहाजा, जनता चाह रही है कि ग्रेनो वेस्ट में भी मेट्रो विस्तार पर हरी झंडी मिल जाए।
पढ़ें- सीएम दौरे को देख नींद से जागा सिस्टम, 19 करोड़ का भुगतान
प्रदूषण से बचाने को जरूरी उपाय : शहर में प्रदूषण की मार जनता पर पड़ी है। प्रदूषण से बचाव के लिए काफी उपाय भी किए गए हैं। जनता चाह रही है कि सरकार के मुखिया की ओर से कोई ऐसा कड़ा कदम उठाया जाए जिसे मानते हुए प्रदूषण मुक्त शहर बन सके।
मेडिकल सुविधाएं बढ़ानी होंगी : नोएडा का धीरे-धीरे विस्तार हो रहा है। इसमें मेडिकल की सुविधाएं आम लोगों की जरूरत हो गई हैं। जनता चाह रही है कि यहां मेडिकल की सुविधाएं बढ़ाई जाएं।
सरकारी स्कूलों की संख्या बढ़े : जिले में केवल पांच ही सरकारी स्कूल हैं। इसके बाद कुछ सरकारी सहायता प्राप्त और बाकी वित्त विहीन स्कूल हैं। लोगों का कहना है कि यहां कुछ और सरकारी स्कूल खुलने चाहिए, जिससे बच्चों को पढ़ाई कर जीवन बनाने में मदद मिल सके।