Odisha Chief Minister Naveen Patnaik
- फोटो : पीटीआई
ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने केंद्र को पत्र लिखकर दागी भारतीय वन सेवा अधिकारी अभय कांत पाठक की अनिवार्य सेवानिवृत्ति के लिए सिफारिश की है। गुरुवार को केंद्र को लिखे अपने पत्र में सीएम नवीन पटनायक ने कहा है कि यह पहली बार है कि भ्रष्टाचार के आधार पर ओडिशा सरकार द्वारा एक भ्रष्ट वन सेवा अधिकारी की अनिवार्य सेवानिवृत्ति के लिए सिफारिश की गई है।
उन्होंने पत्र में आगे लिखा कि अभय कांत पाठक और उनके बेटे आकाश पाठक को आय से अधिक संपत्ति के मामले में गिरफ्तार किया गया है। उन पर 20 करोड़ से अधिक की धनराशि गलत तरीके से लेने का आरोप है। आरोप है कि पाठक ने अपने बेटे आकाश पाठक के बैंक खातों में अपनी अघोषित संपत्ति का नकद जमा कर रहे थे और अपने बेटे को टाटा मोटर्स के फर्जी एमडी के रूप में धोखाधड़ी करने में मदद कर रहे थे।
पटनायक ने आरोप लगाते हुए कहा कि पाठक स्वयं मर्सिडीज, बीएमडब्ल्यू जैसी उच्च-ब्रांड की महंगी कारों का उपयोग कर रहे थे। लॉकडाउन अवधि के दौरान वह और उनका बेटा चार्टर्ड विमानों में पूरे भारत में उड़ रहे थे और फाइव स्टार होटलों में रह रहे थे। पिता और पुत्र दोनों अपनी इस काली कमाई और दिखावे के लिए निजी सुरक्षा गार्ड व बाउंसर का उपयोग कर रहे थे।