मुख्यमंत्री ममता बनर्जी 16 जून को दिल्ली में होने वाली नीति आयोग की संचालन परिषद की बैठक में हिस्सा नहीं लेंगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में मुख्यमंत्रियों और नीति आयोग के सदस्यों के साथ ‘न्यू इंडिया 2022’ के विकास के एजेंडे पर चर्चा होनी है।
इसके अलावा महात्मा गांधी की 150वीं जयंती समारोहों के मसले पर भी विचार विमर्श किया जाएगा। ममता ने यहां कहा, ‘मैं नीति आयोग की बैठक में हिस्सा नहीं लूंगी। यह बैठक ईद के दिन बुलाई गई है जबकि मैं त्योहारों के मौके पर राज्य से बाहर नहीं जाती।’
पहले माना जा रहा था कि ममता अपनी जगह किसी अधिकारी को बैठक में भेज सकती हैं। लेकिन राज्य सचिवालय के सूत्रों ने बताया कि बैठक का न्योता ममता के नाम होने के कारण उसमें किसी और को नहीं भेजा जा सकता है।
वैसे, यह चौथी बार होगा जब ममता नीति आयोग की बैठक में हिस्सा नहीं लेंगी। मोदी सरकार की विभिन्न नीतियों के विरोध में वर्ष 2015 से 2018 के बीच मुख्यमंत्री ने आयोग की तीन अन्य बैठकों में भी हिस्सा नहीं लिया था