पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी
- फोटो : पीटीआई
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी हर किसी को साथ लेकर चलने की बात करते हैं, लेकिन वह विपक्ष शासित राज्यों पर हमला करते हैं, केंद्रीय एजेंसियों द्वारा बिना कारण हमारी पार्टी के सदस्यों को निशाना बनाया जा रहा है।
साथ ही उन्होंने कहा कि रैगिंग और यौन उत्पीड़न के बाद जादवपुर विश्वविद्यालय के छात्र की मौत ने हमारी आंखें खोल दी हैं और राज्य सरकार इस खतरे से निपटने के लिए एक पुलिस हेल्पलाइन शुरू कर रही है। सीएम ममता बनर्जी राज्य में दुर्गा पूजा समारोह के आयोजकों के साथ एक बैठक में बोल रही थी।
ममता ने दुर्गा पूजा के लिए बढ़ाए दस हजार
बंगाल की ममता बनर्जी सरकार ने इमामों और पंडितों का भत्ता बढ़ाने के बाद पूजा क्लबों के लिए खजाना खोल दिया है। इस वर्ष दुर्गापूजा में पश्चिम बंगाल की पूजा समितियों के लिए पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी की सरकार ने दस हजार रुपए बढ़ाने की घोषणा की है। मंगलवार को पूजा समितियों के साथ बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने कहा, पिछली बार हर कमेटी को 60 हजार रुपए सरकार ने दिए थे, उसमें वृद्धि करते हुए इस बार सरकार हर कमेटी को 70 हजार रुपए देगी। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा, सरकार के विभिन्न विभाग पूजा समितियों को विज्ञापन होर्डिंग देंगे। इस दौरान बिजली बिल पर भी छूट मिलेगी। मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार, बिजली बिल का एक तिहाई भुगतान करना होगा। इस बार 26 अक्टूबर के अंदर विसर्जन करना होगा। पूजा कार्निवल लक्ष्मी पूजा से एक दिन पहले 27 अक्टूबर को आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय एजेंसियों द्वारा हमारे लोगों को बिना वजह निशाना बनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री सबको साथ लेकर चलने की बात करते हैं, लेकिन विपक्ष शासित राज्यों को निशाना बनाते हैं। यहां तक कि चींटी के काटने जैसी छोटी से छोटी घटना की भी ईडी और सीबीआई जांच कर रही है।
ईडी ने सोमवार को स्कूल नौकरी घोटाले के सिलसिले में कोलकाता और उसके आसपास कई स्थानों पर छापेमारी की थी। कथित भ्रष्टाचार के विभिन्न मामलों में उनकी पार्टी के कई सदस्य पहले से ही ईडी या सीबीआई की हिरासत में हैं।