बंगाल में अपने कई कार्यकर्ताओं की हुई कथित हत्याओं के विरोध में प्रदेश भाजपा ने शनिवार को यहां धरना दिया। पार्टी का दावा है कि बीते एक सप्ताह में राज्य के विभिन्न हिस्सों में उनके आठ कार्यकर्ताओं की हत्या हो चुकी है। इनमें मुर्शिदाबाद जिले में हुई तीन हत्याएं शामिल नहीं हैं।
मुर्शिदाबाद में एक स्कूल शिक्षक बंधु प्रकाश पाल की परिवार समेत हत्या हो गई थी। भाजपा और संघ ने पाल को अपना कार्यकर्ता बताया था। लेकिन पुलिस ने कहा है कि इस तिहरे हत्याकांड का राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने कहा कि बंगाल में रोजाना किसी न किसी भाजपा कार्यकर्ता की हत्या हो रही है। सरकार का आम लोगों से संपर्क खत्म हो चुका है। वह (ममता बनर्जी) आतंक की मदद से सरकार चलाने का प्रयास कर रही हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ममता को सत्ता से हटाने तक संघर्ष जारी रखेगी।