गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने विधानसभा में आम आदमी पार्टी के विधायक वेंजी वीगास पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि अगर वह (वेंजी वीगास) पूर्व विधायकों द्वरा सुझाए गए मॉडलों को देखेंगे तो उन्हें जेल हो सकती है। दरअसल, दोनों नेता सदन में मानसून सत्र के दौरान छात्रों के करियर से जुड़े मुद्दों पर चर्चा कर रहे थे। इस दौरान दोनों में बहस भी हुई, जिसमें आप विधायक ने कहा कि गोवा सरकार द्वारा अपनाया गया मॉडल फेल है। वेंजी वीगास के इसी बयान पर सीएम प्रमोद सावंत ने पलटवार किया।
वेंजी वीगास ने कहा, "करियर मार्गदर्शन के लिए इस सरकार का मॉडल फेल है।" इस पर पलटवार करते हुए गोवा सीएम ने कहा, "अगर हम उनके (वीगास) मॉडल को सुने तो मुख्यमंत्री को जेल हो जाती है। एक पहले से ही जेल में है।" बता दें कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में 21 मार्च को गिरफ्तार किया गया था। हालांकि, उन्हें सुप्रीम कोर्ट ने अंतरिम जमानत दे दी है। वह फिलहाल सीबीआई से जुड़े मामले को लेकर तिहाड़ जेल में बंद है।
गोवा सीएम ने आप विधायक के बयान पर किया पलटवार
इससे पहले करियर मार्गदर्शन से जुड़े पहलों पर चर्चा करते हुए आप नेता ने बताया कि उन्होंने राज्य में बेरोजगारी बढ़ने के मूल कारणों का विश्लेषण किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार का कैरियर मार्गदर्शन का दृष्टिकोण सही नहीं है। वेंजी वीगास ने कहा, "बच्चे हमारे उद्योग में विभिन्न नौकरियों का चयन नहीं कर रहे हैं। मैं आपसे अनुरोध करता हूं कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) एल्गोरिदम का उपयोग करके कैरियर सह-पायलटिंग के आधार पर करियर मार्गदर्शन करने का अनुरोध करूंगा।" वेंजी वीगास के इस बयान पर प्रमोद सावंत ने पलटवार करते हुए बताया कि पिछले पांच वर्षों से राज्य सरकार छात्रों के लिए स्कूलों में करियर काउंसलिंग कार्यक्रम चला रही है।