संजय राउत ने कहा कि मराठी मानुष का मुंबई पर अधिकार है और उन्हें राज्य की राजधानी में आने से नहीं रोका जाना चाहिए। उन्होंने कहा, महायुति सरकार और देवेंद्र फडणवीस को इस मुद्दे को धैर्यपूर्वक सुलझाना चाहिए।
शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा है कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को मराठा आरक्षण कार्यकर्ता मनोज जरांगे से सीधी बातचीत करनी चाहिए और आरक्षण के मुद्दे को धैर्य के साथ सुलझाना चाहिए। पत्रकारों से बात करते हुए, राउत ने कहा कि सरकार ने लोकसभा चुनाव से पहले जरांगे से बातचीत की थी। मनोज जरांगे, मराठा समुदाय के लिए अन्य पिछड़ा वर्ग श्रेणी में 10 प्रतिशत आरक्षण देने की मांग कर रहे हैं।
विज्ञापन
मुंबई में विरोध प्रदर्शन पर अड़े जरांगे
जरांगे ने एक बार फिर अपनी मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन का एलान किया है। जरांगे बुधवार को जालना जिले के अपने पैतृक गांव अंतरवाली सरती से मुंबई के लिए रवाना हो गए हैं। 43 वर्षीय मनोज जरांगे ने 29 अगस्त से राज्य की राजधानी मुंबई के आजाद मैदान में मराठा आरक्षण की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन अनशन शुरू करने का संकल्प लिया है। जरांगे गुरुवार सुबह सैकड़ों समर्थकों के साथ पुणे जिले की जुन्नार तहसील में मराठा राजा छत्रपति शिवाजी महाराज की जन्मस्थली शिवनेरी किले पहुंच गए।
'अपनी बातों पर कायम रहे सरकार'
शिवसेना यूबीटी नेता संजय राउत ने गुरुवार को मीडिया से बात करते हुए कहा, 'मुख्यमंत्री को मनोज जरांगे से बातचीत करनी चाहिए क्योंकि यह कोई साधारण विरोध प्रदर्शन नहीं है। अगर मराठी मानुष लाखों की संख्या में मुंबई आ रहे हैं, तो आपको उनसे सीधी बातचीत करनी होगी।' उन्होंने कहा, 'महायुति सरकार और देवेंद्र फडणवीस को इस मुद्दे को धैर्यपूर्वक सुलझाना चाहिए और अपनी बात पर कायम रहना चाहिए।' उन्होंने कहा कि मराठी मानुष का मुंबई पर अधिकार है और उन्हें राज्य की राजधानी में आने से नहीं रोका जाना चाहिए।
'लोग कबूतरों के लिए आवेदन कर सकते हैं तो मराठी मानुष अपनी मांगों के लिए क्यों नहीं'
शिवसेना यूबीटी के राज्यसभा सदस्य ने कहा कि 'अगर लोग कबूतरों के लिए आंदोलन कर सकते हैं और सरकार उन्हें अनुमति देती है, तो मराठी मानुष को भी अपनी मांगों के लिए विरोध प्रदर्शन करने का अधिकार है। यह जरूरी है कि मुख्यमंत्री प्रदर्शनकारियों से बातचीत करें। सरकार को गणेश उत्सव के दौरान कानून-व्यवस्था का भी ध्यान रखना चाहिए।' भाजपा पर निशाना साधते हुए राउत ने कहा कि जरांगे अपनी मांगें इसी सरकार के सामने रखेंगे, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सामने नहीं!